शरद का विवादित बयान, कांग्रेस की हालत आपातकाल से भी खराब
जदयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव ने कांग्रेस की हालत को आपातकाल के दिनों से भी खराब बताया है। उन्होंने कहा कि यूपी में महागठबंधन के लिए जदयू ने पूरी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
पटना [जेएनएन]। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने आज बिहार की महागठबंधन सरकार में सहयोगी कांग्रेस के संबंध में विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत आपातकाल के दिनों से भी खराब है। शरद ने मुलायम सिंह का नाम लिए बिना उनपर भी निशाना साधा। कहा कि जदयू ने महागठबंधन के लिए उन्हें पूरी जिम्मेदारी दी, लेकिन बात नहीं बनी।
मुलायम को भी लिया आड़े हाथ
यूपी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में शरद यादव ने कहा कि जदयू ने महागठबंधन बनाने की पूरी कोशिश की है। प्रयास अभी भी जारी हैं। मुलायम सिंह यादव का नाम लिए बिना शरद बोले, ''हमलोगों ने महागठबंधन बनाने के लिए क्या-क्या नहीं किया। पूरी जिम्मेदारी उन्हें दी। लेकिन, बात उनके समझ में नहीं आई।''
कांग्रेस ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस बीच कांग्रेस के संबंध में शरद के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्र ने कहा है कि शरद यादव ने किस मानसिक अवस्था में ऐसा बयान दिया, समझ से परे है। उन्होंने कहा कि बिहार में साझा सरकार चल रही है। ऐसे में इस तरह का बयान अनुचित है। शरद यादव से इसकी अपेक्षा नहीं की जा सकती।