PM के लिए नीतीश के नाम पर सहमत नहीं हैं लालू यादव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पीएम पद का चेहरा बनाने पर महागठबंधन के दोनों दलों ने असहमति जताई है। राजद अध्यक्ष लालू यादव ने इशारों-इशारों में यह बता दिया है ।
By Kajal KumariEdited By: Published: Mon, 27 Mar 2017 07:43 AM (IST)Updated: Mon, 27 Mar 2017 11:38 PM (IST)
पटना [एसए शाद]। उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा की भारी जीत ने विपक्षी दलों को एकजुट होने पर विचार करने को विवश कर दिया है। मगर, साझा मोर्चे की कमान कौन संभाले, इसे लेकर महागठबंधन में झगड़ा बरकरार है।
रविवार को जदयू ने इशारों में वैकल्पिक नेतृत्व के लिए नीतीश कुमार का नाम सामने किया तो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने यह कह असहमति जताई कि अभी नेतृत्व तय करने का मौका नहीं है।
लालू ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ मोर्चा बनाने के लिए वे जल्द अभियान शुरू करेंगे। वहीं, कांग्रेस ने जदयू के प्रस्ताव को नकार कर यह साफ दिया कि राहुल गांधी के नाम पर कोई समझौता उसे मंजूर नहीं।
नीतीश के पक्ष में जदयू ने तेज की मुहिम
शुरुआत जदयू की ओर से हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे के बाद सभी क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस को एकजुट होकर चिंतन करना चाहिए। उन्हें आपसी सहमति से वैकल्पिक नेतृत्व का नाम तय करना चाहिए। साझा कार्यक्रम तय कर सभी आगे बढ़ें।
उन्होंने इशारों में वैकल्पिक नेतृत्व के लिए नीतीश कुमार का नाम आगे किया। कहा कि कांग्रेस तो अभी कमजोर हो गई है, ऐसे में नेतृत्व संभालने वाले एक मजबूत चेहरे पर सहमति बने। वैकल्पिक नेतृत्व के लिए नीतीश कुमार का नाम पहले से चर्चा में है।
लालू को किंगमेकर देखना चाहता है राजद
इस प्रकरण पर राजद नेताओं के बयान से उनकी रणनीति भी स्पष्ट हुई। राज्य के सहकारिता मंत्री और राजद नेता आलोक मेहता ने कहा कि धर्मनिरपेक्ष दलों को लालू प्रसाद के नेतृत्व में भाजपा का विकल्प खड़ा करना चाहिए। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद ने कहा कि राजद राष्ट्रीय स्तर पर अभी से किसी का नेतृत्व स्वीकार नहीं करेगा। अभी हमें सभी दलों को एकजुट करना है। नेतृत्व तय करने का यह मौका नहीं है।
कांग्रेस को राहुल ही पसंद
जदयू की इस रणनीति पर कांग्रेस में तीखी प्रतिक्रिया हुई। कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है। इस संबंध में आलाकमान ही कोई फैसला करेगा। कांग्रेस के प्रवक्ता हरखू झा ने कहा कि बिहार में सिर्फ भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस और राजद ने नीतीश कुमार को आगे रखकर महागठबंधन बनाया है। यह महागठबंधन बिहार तक सीमित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वजूद 29 प्रदेशों में है। उसका मुकाबला क्षेत्रीय दल जदयू और राजद नहीं कर सकते। 2019 के लिए गठबंधन कांग्रेस के नेतृत्व में बनेगा। नीतीश कुमार को पीएम पद का उम्मीदवार बनाना जदयू का अपना स्टैंड हो सकता है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें