रामनवमी समारोह में एक साथ दिखे कई राजनीतिक वीआइपी
रामनवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के कार्यक्रम में शनिवार को पक्ष और विपक्ष के कई राजनीतिक वीआइपी एक साथ मंच पर दिखे।
पटना। रामनवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के कार्यक्रम में शनिवार को पक्ष और विपक्ष के कई राजनीतिक वीआइपी एक साथ मंच पर दिखे। इस समारोह में देर शाम नीतीश कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान, उनके पुत्र चिराग पासवान पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ भाजपा नेता निकल लिए। इसे ले वहां मौजूद लोग बातें करते सुने गए। केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी मुख्यमंत्री के आने के कुछ ही देर पूर्व अपने सांसद पुत्र चिराग पासवान के साथ पहुंचे थे। चिराग पासवान के स्टार वैल्यू के कारण कई लोग उनके साथ अपनी फोटो उतारते दिखे। रामविलास पासवान भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हाथ मिलाने के बाद निकल लिए। जिस समय मुख्यमंत्री मंच पर मौजूद थे, वहां केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी पहुंचे। सभी नेताओं ने एक दूसरे का औपचारिक अभिवादन किया। मौके पर श्रद्धालुओं का अभिनंदन करने केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन,ऊषा विद्यार्थी, पूर्व मंत्री सुखदा पाण्डेय, विधान पार्षद संजय मयूख, प्रो.सूरजनंदन कुशवाहा, हरेन्द्र प्रताप, विवेक ठाकुर, डॉ.किरण घई, समेत भाजपा के कई नेता मौजूद थे।