मुंगेर, बेगूसराय समस्तीपुर व नवादा में आठ को गरजेंगे पीएम मोदी
बिहार फतह को हर नुस्खा आजमाने में जुटी भाजपा ने आठ अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) की चार सभाएं आयोजित कराने का कार्यक्रम तय किया है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव भी 11 अक्टूबर को बिहार आएंगे।
पटना। बिहार फतह को हर नुस्खा आजमाने में जुटी भाजपा ने आठ अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) की चार सभाएं आयोजित कराने का कार्यक्रम तय किया है।
नमो गुरुवार को पहली सभा मुंगेर में करेंगे।
इस दौरान नमो के साथ आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के अलावा हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी सहित राजग के सभी मौजूद रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता संजय मयूख ने बताया कि आठ अक्टूबर को पीएम सुबह 11 बजे मुंगेर, साढ़े 12 बजे बेगूसराय, पौने दो बजे समस्तीपुर तो तीन बजे नवादा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
वहीं, छह अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय पीरपैंती, रोसड़ा, भागलपुर व समस्तीपुर में चुनावी सभा करेंगे।
मुलायम सिंह यादव 11 को आएंगे बिहार
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव 11 अक्टूबर को बिहार आएंगे। उस दिन सपा प्रमुख भभुआ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यहां से पार्टी की प्रत्याशी नीतू सिंह यादव हैं।
हालांकि, उनसे पहले सपा नेताओं का बिहार आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
7 से 9 तक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद किरणमय नंदा, तारिक अनवर, नारद राय, कमाल अख्तर, राजीव राय समेत यूपी के कई मंत्री बांका, नालंदा, मुंगेर में कई सभा करेंगे। सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नैयर आजम ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए दो हेलीकाप्टर लिया गया है। प्रत्याशियों की मांग के तहत स्टार प्रचारक हेलीकाप्टर से संबंधित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।