स्मार्ट सिटी बनेगा या नहीं पटना, 25 को फैसला
- चयन नहीं होने पर भी विकास कार्य के लिए तैयार है खाका : नगर आयुक्त - पटना सिटी अंचल में
- चयन नहीं होने पर भी विकास कार्य के लिए तैयार है खाका : नगर आयुक्त
- पटना सिटी अंचल में डोर-टू-डोर शुरू करने का है एजेंडा
- प्रत्येक वार्ड में वार्ड कार्यालय खोलना है मुख्य प्राथमिकता
---------
जागरण संवाददाता, पटना : दिल थाम कर बैठिए। 25 जून को फैसला आ जाएगा कि पटना स्मार्ट सिटी के लिए चयनित होगा या नहीं। नगर आयुक्त अभिषेक सिंह के अनुसार उन्हें पूरा विश्वास है कि राजधानी इसके लिए चयनित होगी। उसके बाद शहर की सूरत बदलने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए पटना का चयन नहीं होने पर भी शहर को स्मार्ट बनाने का खाका तैयार है। बस परिणाम का इंतजार है। प्रयास होगा कि पटना नगर निगम के सभी 75 वार्डो में कार्यालय बनें। इनमें टैक्स जमा से लेकर सभी प्रकार के कार्य हों। आम जनता भी अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंच सके।
आयुक्त के अनुसार पटना सिटी अंचल में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव कराना है। पहले से प्रस्ताव है। इसे लागू कराया जाएगा। कर्मचारियों की प्रोन्नति का मामला भी अभी लंबित रह गया है। कर्मचारी दुर्घटना बीमा को लागू कराना है। शहर को खुले में शौच से सौ फीसद मुक्त कराना है। ठोस कचरा प्रबंधन को अमली जामा पहुंचाना है। टैक्स वसूली व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। जलजमाव से राहत दिलाने के लिए कई निर्णय लेने हैं। शुद्ध पेयजल के लिए कई फैसले लंबित हैं।