बिहार : बढते अपराध के खिलाफ पप्पू यादव की पार्टी 'जाप' का आज सहरसा बंद
बिहार में बढते अपराध और हत्या की बढती वारदातों के खिलाफ आज जनअधिकार पार्टी ने सहरसा बंद कराया है। आज सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सहरसा। बिहार में बढते अपराध और हत्या की बढती वारदातों के खिलाफ आज जनअधिकार पार्टी ने सहरसा बंद कराया है। आज सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी के संरक्षक और सांसद पप्पू यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर की लोगों से सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
राज्य में हत्या के ताजे मामलों में 16 अप्रैल को युवा राजद अध्यक्ष श्याम सुंदर दास तांती की हत्या कर दी गई जबकि 27 अप्रैल को राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और सिंहौल पंचायत के निवर्तमान मुखिया अनिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्याओं और अपराध के विरोध में पार्टी ने यह बंद किया है ।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहरसा बाजार की सभी दुकानों को बंद करा दिया है और जगह-जगह सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। बंद में शामिल पार्टी के संरक्षक सह सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राज्य सरकार अपराध पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। सरकार का प्रशासन तंत्र फेल हो चुका है, रोज हत्या, रंगदारी की वारदातें हो रही हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।