पप्पू यादव का चैलेंज: अनंत-सूरजभान पर भी कुछ बोलकर दिखाएं सुशील मोदी
प्रभुनाथ सिंह को हजारीबाग कोर्ट द्वारा उम्रकैद की सजा मिली है। इसपर सुशील मोदी के बयान पर पप्पू यादव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी अनंत-सूरजभान पर भी बोलकर दिखाएं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हर मामले में तुरंत एक्सपर्ट कमेंट जारी कर देते हैं। कोर्ट का फैसला आते ही प्रभुनाथ सिंह पर एक्सपर्ट कमेंट जारी कर दिया। वे इतने ही बड़े एक्सपर्ट हैं तो अनंत सिंह, सूरजभान सिंह, रामा सिंह और नीरज कुमार बबलू पर क्यों नहीं बोलते हैं? इन सबों की हिस्ट्रीशीट तो प्रभुनाथ सिंह से कहीं कम नहीं है।
उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि मोदी कैसे प्रभुनाथ सिंह के खिलाफ बोल सकते हैं? स्मरण शक्ति कमजोर हो गई क्या? सबकुछ भूल गये क्या? उन्हें याद नहीं है जब जदयू एनडीए का पार्ट था तो प्रभुनाथ सिंह जदयू में थे। लोकसभा सभा में जदयू संसदीय दल के उपनेता थे।
कहा, भाजपा ने ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ विषवमन के लिए सबसे ज्यादा प्रभुनाथ सिंह का इस्तेमाल किया था। उस वक्त एनडीए के प्लेटफार्म पर प्रभुनाथ सिंह आगे और सुशील मोदी पीछे बैठा करते थे। सिंह, विधायक अशोक सिंह के मर्डर केस के आरोपी थे। इसके बाद भी सिंह भाजपा के लिए बहुत सम्मानित थे आज इतने खराब कैसे हो गए?
यादव ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कुछ गलत नहीं कहा है, जिसपर मोदी इतने लाल-पीले हो रहे हैं। उन्होंने मोदी को चुनौती दी कि प्रभुनाथ के साथ-साथ एनडीए गठबंधन के रामा, सुनील पांडेय, सूरजभान, मुन्ना शुक्ला आदि के बारे में भी बोल कर दिखाएं तो बिहार मानेगा कि चश्मे का नंबर ठीक है। सांसद ने कहा कि राजद नेता पप्पू यादव की हत्या के विरोध में 31 मई को पार्टी की तरफ से फतुहा बंद और जनतंत्र बचाओ सभा आहूत की गई है।