बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज, नीतीश के खिलाफ फूटा राजद का गुस्सा
बिहार में आज सुबह से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज सुबह से राजद का गुस्सा फूट पड़ा है और पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं और जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं।
पटना [जेएनएन]। बुधवार की शाम से शुरू हुई बिहार की सियासी हलचल रातभर गरमायी रही और आज सुबह से गठबंधन को तोड़ने का आरोप लगाकर राजद के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। जगह-जगह सड़क जाम कर जदयू के और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। खासकर वैशाली जिले में लोगों का आक्रोश काफी ज्यादा देखा जा रहा है।
आज सुबह से ही राजद समर्थकों ने गांधी सेतु को जाम कर दिया है और लगातार नारेबाजी प्रदर्शन कर रहे हैं। यातायात पूरी तरह अवरूद्ध कर दिया गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोग लालू और तेजस्वी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं वहीं जदयू और नीतीश कुमार के खिलाफ राजद का गुस्सा फूट पड़ा है।
राजद कार्यकर्ताओं ने गांधी सेतु को पाया नंबर एक के पास जाम कर दिया है। राज्य में नए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद काफी आक्रोश में हैं राजद कार्यकर्ता। सुबह से ही गांधी सेतु के पास जुट गए और रोड को जाम कर दिया। इससे सेतु पर जाम लग गया है। हजारों गाड़ियां जाम में फंसी हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक गांधी सेतु के पास राजद के कार्यकर्ताओं के द्वारा लगाया गया जाम हटाने की कोशिश की जा रही है। गांधी सेतु पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं। लोगों को समझाने का काम किया जा रहा है। वहीं पटना में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
राजद नेता शिवचंद्र राम ने नीतीश को कहा-धोखेबाज
राजद नेता शिवचंद्र राम ने नीतीश कुमार पर धोखेबाजी का अारोपर लगाया है और राजद नेता लालू आवास के बाहर बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं।
जदयू नेता संजय सिंह ने कहा-नीतीश का फैसला बिल्कुल सही
जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिल्कुल सही फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार इस जीवन तो क्या अगले जनम में भी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। बिहार की जनता भी चाहती थी कि नीतीश कुमार महागठबंधन तोड़ें जो लगातार दबाव की राजनीति कर रही थी, बिहार का विकास प्रभावित हो रहा था।
जदयू नेता अली अनवर ने नीतीश के फैसले को बताया गलत
वहीं जदयू नेता अली अनवर ने अपनी ही पार्टी और पार्टी के नेता नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अली अनवर ने कहा है कि नीतीश का ये कदम बिल्कुल सही नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश ने अंतरात्मा की बात सुनकर इस्तीफा दिया और बीजेपी के साथ गठबंधन किया। लेकिन मेरी अंतरात्मा नीतीश के फेसले से खुश नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि पार्टी को इस बारे में सोचना चाहिए, मैं एेसी राजनीति के पक्ष में नहीं हूं।
वहीं कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि बिहार में राजनीति का गंदा चेहरा सामने आया है, यहां सत्ता में बने रहने के लिए कुछ भी कर सकते हैं लोग।