पटना में हुई झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहावना
आज दोपहर बाद हुई बारिश से पटना में मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 48 घंटे के बाद मॉनसून का असर पूरे बिहार में दिखने लगेगा।
पटना [जेएनएन]। पटना में आज दोपहर बाद मॉनसून की पहली बारिश हुई। झमाझम हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज सुबह से सूरज की आंख मिचौली चल रही थी और मौसम बदला-बदला सा लग रहा था। दोपहर बाद जमकर बारिश हुई।
मंगलवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि अगले चौबीस घंटे के भीतर मॉनसून के पटना पहुंचने की संभावना जताई थी। विभाग ने कहा था कि भागलपुर में फंसा माॅनसून जैसे ही वहां से आगे बढ़ा उसकी रफ्तार बढ़ गयी है और बुधवार की देर रात तक मॉनसून पटना पहुंच जायेगा।
मौसम विभाग ने कहा था कि मॉनसून का असर 48 घंटे के भीतर पूरे बिहार में दिखने लगेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सेन गुप्ता ने बताया कि माॅनसून की रफ्तार भागलपुर में आकर ठहर सी गयी थी, लेकिन अचानक से इसकी स्पीड बढ़ी है।
भागलपुर के आसपास के जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। पटना के मौसम में भी धीरे-धीरे बदलाव होगा और मॉनसून 48 घंटे के बाद बिहार से यूपी की तरफ बढ़ जायेगा।
बदला मौसम का मिजाज
मंगलवार की सुबह बिहार के अधिकतर जिलों में हल्की बूंदा-बांदी हुई. पटना में भी विभिन्न जगहों पर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अब तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
मंगलवार को हुई बारिश से पटना का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री, गया का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री, भागलपुर का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री व पूर्णिया का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज किया गया था।