देश में तनाव फैला रही मोदी सरकार : शरद यादव
नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में तनाव का माहौल कायम कर दिया है। भाजपा के कारण देश का संविधान खतरे में पड़ गया है। बेगूसराय जिले के बलिया व जमुई के झाझा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने ये बातें कहीं।
पटना। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में तनाव का माहौल कायम कर दिया है। सत्ता में मोदी को आए 17 माह हो गए, लेकिन लोकसभा चुनाव में किए गए एक भी वादे पूरे नहीं किए। भाजपा के कारण देश का संविधान खतरे में पड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजकल संविधान से बाहर की बातें कर रहे हैं।
गुरुवार को बेगूसराय जिले के बलिया व जमुई के झाझा में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास पुत्र नीतीश कुमार की तुलना प्रधानमंत्री से की जा रही है इसलिए बाहर के लोगों को बिहार से बाहर कर अपना बिहार बचाना है। शरद ने कहा, बेरोजगारी दूर नहीं हुई और न ही कालाधन वापस आया। इस चुनाव में केंद्र सरकार को सबक सिखाना जरूरी है।
कहा, बिहार का चुनाव केंद्र सरकार लड़ रही है। पूरी ताकत झोंक दी है। सभी केंद्रीय मंत्री कैंप कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने विकास किया है और जनता उनसे संतुष्ट है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल के अलावा कानून का राज स्थापित करने का काम नीतीश कुमार ने किया है। उन्होंने सामाजिक सद्भाव कायम रखते हुए उत्तरोत्तर विकास का काम किया। इसी तरह से विकास कार्य जारी रहें, इसके लिए महागठबंधन को वोट करें।
शरद यादव पर मुकदमा
शरद यादव के खिलाफ नालंदा जिला प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कराया है। शरद द्वारा 7 अक्टूबर को दिए गए बयान को आइपीसी की धारा 171 (सी) 2(बी) का उल्लंघन पाते हुए उनके विरूद्ध बिहारशरीफ जिले के बिहार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बिहारशरीफ में चुनावी सभा के दौरान शरद यादव ने कहा था कि अगर जदयू को वोट नहीं दिया तो अल्लाह जन्नत की जगह जहन्नुम देगा और ङ्क्षहदुओं को भगवान स्वर्ग की जगह नरक देंगे। आयोग ने इन शब्दों को आचार संहिता का उल्लघंन माना है। बिहारशरीफ के अंचलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बिहार थाना में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज कराया।