मेरी कोशिश है कि नेताजी की नाराजगी दूर हो जाए : लालू
समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा महागठबंधन से अलग चुनाव लडऩे के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की किसी कारण से नाराजगी है तो मेरी कोशिश होगी कि वह दूर हो जाए।
पटना। समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा महागठबंधन से अलग चुनाव लडऩे के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की किसी कारण से नाराजगी है तो मेरी कोशिश होगी कि वह दूर हो जाए। उनसे मेरी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रात में बात भी हुई है।
लालू ने कहा कि नेताजी हमारे अभिभावक हैं। सीनियर हैं। समधी भी हैं। हम लोग उनकी पूरी इज्जत करते हैं। उनका सम्मान तो इतना करते हैं कि उनके नेतृत्व में अपनी पार्टी को ही न्योछावर करने को तैयार थे। विलय की बात थी।
उनकी ओर से ही कहा गया कि किन्हीं कारणों से विलय नहीं हो पाता है तो महागठबंधन बनाकर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा जाए। महागठबंधन देश के लिए जरूरी है। देश पर भारी संकट है। इसका मुकाबला करना है। एक तरफ सांप्रदायिक ताकतें हैं तो दूसरी ओर महागठबंधन है।
लालू को पूरी उम्मीद है कि सब कुछ ठीक-ठाक हो जाएगा। इसमें किसी की दाल नहीं गलेगी। सपा के महागठबंधन से अलग होकर चुनाव लडऩे की घोषणा के बाद लालू दिन भर चुप्पी साधे रहे। यहां तक कि किसी से मुलाकात भी नहीं की। देर शाम में संयमित तरीके अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
लालू ने कहा-
कुछ लोग खुशफहमी में नहीं रहें। मंडलवादी व सेक्युलर ताकतें एकजुट हैं। गाड़ी आगे बढ़ चुकी है। टिकट के लिए दबाव बनाने वाले कुछ स्वार्थी तत्वोंं ने उल्टी-पुल्टी बात कर नेताजी का कान भर दिया होगा। नेताजी हमारे हैं। हम लोग आपस में समझ लेंगे।