लालू यादव का दावा- इस फॉर्मूले से 2019 में मिलेगी नरेन्द्र मोदी को मात
राजद सुप्रीमो लालू यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत का फॉर्मूला दिया है। उनके अनुसार अगर विपक्ष एकीकृत हो जाए अगले चुनाव में तो पीएम मोदी को कुर्सी से हटाना मुश्किल नहीं।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की नजर अगले लोकसभा चुनाव पर है। उस चुनाव में वे भाजपा को सत्ता से बाहर देखना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अपना एक फॉर्मूला भी दिया है। उनके अनुसार अगर उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब व पश्चिम बंगाल के गैर एनडीए राजनीतिक दल एक साथ आ जाएं तो 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर हो जाएंगे।
मीडिया से बातचीत में लालू ने कहा कि सोनिया गांधी को राष्ट्रीय दल कांग्रेस का अध्यक्ष होने के नाते राष्ट्रीय महागठबंधन की शुरुआत करनी चाहिए। कांग्रेस ऐसा कर सकती है, क्योंकि उसकी पहुंच राष्ट्रव्यापी है। कहा कि यदि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी पार्टियां एक साथ होकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ें तो उसकी हार तय है।
तारिक अनवर की PM मोदी को सलाह, 'तीन तलाक' पर नहीं करें राजनीति
लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश तथा पंजाब के गैर भाजपा-गैर राजग दल एक साथ आ जाएं तो इस महागठबंधन का सपना साकार हो सकता है। विपक्ष के अलग होने का फायदा ही भाजपा उठा रही है।
लालू प्रसाद बोले कि उन्होंने ममता बनर्जी को अपना समर्थन दिया है। साथ ही मायावती से दूसरी पार्टियों के साथ मतभेद दूर करने को कहा है। लालू के अनुसार समाजवादी पार्टी के नेता पहले से ही महागठबंधन के समर्थन में हैं। अगर सोनिया गांधी इस राष्ट्रीय महागठबंधन की पहल करें तो पूरे उत्तर भारत का विपक्ष एक हो जाएगा। देश में यह बड़ी राजनीतिक घटना होगी।
राजद सुप्रीमो ने बिहार में महागठबंधन के प्रयोग को पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने बिहार में महागठबंधन में टकराव की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन बनने से पहले से कई विवाद थे, लेकिन देश को साम्प्रदायिक ताकतों से बचाने के लिए हमने एक साथ आने का फैसला किया।
लालू के अनुसार भाजपा पाकिस्तान, श्मशान और कब्रिस्तान की राजनीति करती है। वह देश के असली मुद्दों से भटक गई है। इससे गरीबों का भला नहीं होने वाला है।