आदित्य हत्याकांड : केजरीवाल ने की CBI जांच की मांग, कहा - बिहार में बढ़े अपराध
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गया के आदित्य हत्याकांड का हवाला देते हुए कहा है कि बिहार में अपराध बढ़े हैं और ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों के नेताओं की संलिप्तता भी देखी जा रही है।
गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही बिहार में कानून-व्यवस्था की बात करें, उनके राजनीतिक समर्थक माने जाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ऐसा नहीं मानते। गया के आदित्य हत्याकांड का हवाला देते हुए उन्होंने कहा है कि बिहार में अपराध बढ़े हैं और ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों के नेताओं की संलिप्तता भी देखी जा रही है।
विदित हो कि बीते शनिवार को गया के एक छात्र आदित्य सचदेवा को केवल इस कारण गोली मार दी गई थी कि उसने एक एमएलसी के बिगड़ैल बेटे क कार को ओवरटेक किया था। हत्या का आरोपी जदयू एमएलसी मनोरमा देवी का बेटा रॉकी है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदित्य की हत्या पर शोक प्रकट किया है। गुरूवार को स्वराजपुरी रोड स्थित आदित्य के घर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शोक पत्र को लेकर आम आदमी पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ. शशिकांत पहुंचे।
पत्र में अरविंद केजरीवाल ने लिखा है कि बिहार में अपराध बढ़ रहे हैं। हत्या, लूट-पाट आदि की जो घटनाएं हो रही हैं, उनमें किसी न किसी राजनीति पार्टी के नेता शामिल होते हैं। आदित्य की हत्या राजनीति के तहत की गई है। अरविंद ने पत्र में यह भी लिखा है जहां तक बन सकेगा, वे मदद करेंगे। उन्होंने इस हत्याकांड में सीबीआइ जांच की भी बात कही है।