साक्षात्कार : कैसे कह सकते हैं डिप्टी सीएम लायक नहीं हूं : तेजस्वी यादव
'दैनिक जागरण' से विशेष बातचीत में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि अब वादे का वक्त नहीं है, सिर्फ काम करने की बारी है। जनता ने हम पर विश्वास जताया है। हम तरक्की करके दिखाएंगे।
पटना। 'दैनिक जागरण' से विशेष बातचीत में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि अब वादे का वक्त नहीं है, सिर्फ काम करने की बारी है। जनता ने हम पर विश्वास जताया है। हम तरक्की करके दिखाएंगे।
तेजस्वी ने इस बात को खारिज किया कि वे अपने पद के लायक नहीं हैं। धाराप्रवाह अंग्रेजी में जवाब देते हुए कहा कि आप कैसे कह सकते हैं कि मैं उप मुख्यमंत्री बनने लायक नहीं हूं?
मेरे परिवार में दो मुख्यमंत्री (लालू प्रसाद और राबड़ी देवी) रहे हैं। मैंने उन्हें बहुत करीब से देखा है। मैं जानता हूं कि प्रशासन कैसे चलाया जाता है।
इसके अलावा मैं जनता द्वारा निर्वाचित जनप्रतिनिधि हूं। ऐसे में मेरे उप मुख्यमंत्री बनने के लायक नहीं होने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर तबके का समान रूप से ख्याल रखेगी। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमख अंश...
सवाल : नई सरकार में आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी?
- महागठबंधन की ऐतिहासिक जीत हुई है तो सरकार का काम भी मील के पत्थर की तरह साबित होगा। बिहार को सुंदर बनाना है। वे सारे काम करने हैं, जो प्रदेश की तरक्की के लिए जरूरी हैं। अभी मैं अपने विभागों की समीक्षा कर रहा हूं। जो कमियां दिखी हैं, उसे दूर करने के लिए पूरी ताकत लगा दूंगा। कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी तरह की उद्दंडता बर्दाश्त नहीं होगी। सबको संवैधानिक दायरे में ही रहना पड़ेगा।
सवाल : कुछ प्रमुख काम?
-अभी तो पहला दिन है। इसलिए सबसे पहले सिस्टम की गड़बड़ी दूर करने का प्रयास है। सरकार की रफ्तार के लिए यह जरूरी है कि एक बेहतर और पारदर्शी सिस्टम बने। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाएंगे। कई ओवर ब्रिज के काम अधूरे पड़े हैं, उनकी अड़चनें दूर होंगी। गंगा पाथ वे समेत पटना की खूबसूरती पर भी विशेष ध्यान देंगे। हमारी प्राथमिकता में गांव भी पीछे नहीं हैं। रोजगार और गांवों के विकास पर एक साथ काम करना है।
सवाल : जंगलराज जैसे आरोपों से आप कैसे निपटेंगे?
-भाजपा के आरोपों में कोई सचाई नहीं थी। यही कारण है कि पब्लिक ने उन्हें खारिज कर दिया। वे लोग जिसे जंगलराज कह रहे थे, दरअसल वह सामाजिक न्याय का दौर था। लालू-राबड़ी की सरकार ने समाज की पिछली पंक्ति में खड़े लोगों को आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया था। बिहार चुनाव के नतीजों ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। अगर सही में जंगलराज जैसा कुछ होता तो हमें इतना बड़ा समर्थन नहीं मिलता।
सवाल : आप युवा हैं। तरक्की के लिए आपका रोड मैप क्या होगा?
-प्रदेश और समाज की समग्र्र तरक्की हमारा रोड मैप होगा। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जो भी नीतियां तय होंगी, उसके अनुरूप युवाओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की कोशिश होगी। वैसे भी नीतीश जी की सूची में युवाओं और महिलाओं का स्थान सबसे ऊपर है। हमारा मानना है कि बिहार तभी तेजी से तरक्की करेगा जब इसके मानव संसाधन का समुचित इस्तेमाल हो। इसलिए युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी विकास में भागीदार बनाना होगा।
सवाल : प्रधानमंत्री से आपकी क्या अपेक्षा होगी?
-मेरी नहीं, बिहार की अपेक्षा होगी? पीएम ने बिहार को एक लाख 65 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज देने की घोषणा की थी। अब वह अपना वादा पूरा करें। हमारी सरकार विकास का वादा पूरा करेगी।