तनाव पैदाकर देश बांट रहा आरएसएस : शबाना आजमी
फिल्म अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोल की कायल हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की जुबान सहज है, बातें अच्छी-अच्छी करते हैं, लेकिन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तेवर खतरनाक हैं।
पटना। फिल्म अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोल की कायल हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की जुबान सहज है, बातें अच्छी-अच्छी करते हैं, लेकिन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तेवर खतरनाक हैं। संघ तनाव पैदाकर देश बांट रहा है। संगठन की बातें राष्ट्रीय एकता के लिए खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि देश में कुछ राजनीतिक शक्तियां अपने सियासी फायदे के लिए गंदा खेल रही हैं। राजनीतिक फायदे के लिए कुछ पार्टियां देश में तनाव फैला रही हैं। लेकिन, इनके मंसूबे को देश की जनता कामयाब नहीं होने देगी।
शनिवार को राजधानी में कैफी आजमी इप्टा सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन करने के बाद शबाना संवाददाताओं से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि 1996 में शिवसेना ने उनकी फिल्म 'फायर' को हिंदू विरोधी बताकर बवाल किया था।
बिहार में महिला सशक्तीकरण पर काम : शबाना ने कहा कि बिहार में महिला सशक्तीकरण पर काम दिख रहा है। यहां का मानव विकास सूची (एचडीआइ)अपेक्षाकृत बेहतर हुआ है। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बधाई के पात्र हैं। हालांकि, राज्य की सांस्कृतिक संस्थाओं की बदहाली पर उन्होंने चिंता जताई। भाजपा सरकार के अच्छे दिन आने वाले हैं, नारे पर उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों में तो अच्छे दिन आए या नहीं, यह नहीं कह सकती, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में अच्छे दिन जरूर आ गए हैं। इन दिनों महिला प्रधान फिल्में बन रही हैं। यह बड़ी बात है।