पूर्व मुख्यमंत्री मांझी के काफिले की चपेट में आया पांच साल का बच्चा
पूर्व मुख्यमंत्री व हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी के काफिले से पांच वर्षीय बालक घायल हो गया। दुर्घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र के आरएन सिंह मोड़ पर बुधवार दोपहर हुई।
पटना। पूर्व मुख्यमंत्री व हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी के काफिले से पांच वर्षीय बालक घायल हो गया। दुर्घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र के आरएन सिंह मोड़ पर बुधवार दोपहर हुई। पुलिस ने घायल का प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे पूर्व सीएम मांझी पांच गाडिय़ों के काफिले से ओल्ड बाइपास रोड से राजेंद्र नगर होते हुए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पांच वर्षीय अर्श मोबिन सड़क पार कर रहा था। पूर्व सीएम को स्कॉट कर रही पुलिस जीप ने अर्श को ठोकर मार दी। इसके बाद काफिला रूक गया।
टक्कर लगते ही आसपास के लोग दौड़े। दुर्घटना से गुस्साए लोग हंगामा कर सड़क जाम करने के मूड में थे, लेकिन पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया। आनन-फानन में कंकड़बाग पुलिस अर्श को नजदीकी अस्पताल में लेकर गई। वहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। अर्श पीसी कॉलोनी का रहना वाला है। उसके पिता शाहिद मोबिन खाड़ी देश में काम करते हैं। बताया जाता है कि अर्श के बाएं पैर और सिर में चोटें आई हैं। सदर डीएसपी रामाकांत प्रसाद के मुताबिक अर्श खतरे से बाहर है।