ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में शामिल हुए ये शब्द, आई बिहार के सत्तू व लिट्टी की याद
ऑक्सफोर्ड इंगलिश डिक्शनरी में इस साल शामिल दो नए शब्दों से बिहार के लिट्टी व सत्तू की याद आ गई है। ये शब्द हैं- चना व चना दाल। आप भी जानिए।
पटना [जेएनएन]। सत्तू और लिट्टी की चर्चा हो और बिहार का नाम न आए, ऐसा हो नहीं सकता। इस स्पेशल बिहारी डिश की तरह इसका मुख्य अवयव चना भी अब वियव प्रसिद्ध हो चुका है। इसकी पॉपुलरिटी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में शामिल किये गये कुछ नये शब्दों में 'चना' और 'चना दाल' को भी जगह दी गई है।
विदित हो कि ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में हर तीन महीने पर नये-नये शब्दों को शामिल किया जाता है। इस बार ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में जोड़े गए 600 से ज्यादा नये शब्दों में चना और चना दाल शामिल हैं।
ये शब्द भी हुए शामिल
डिक्शनरी में टेनिस से संबंधित शब्द 'फोर्स्ड एरर' (forced error) और बेगेल (bagel) भी शामिल किए गए हैं। 'बेगेल' का अर्थ है छह गेम्स के मुकाबले शून्य (सिक्स गेम्स टू लव)। इसके अलावा वॉक (woke) और पोस्ट ट्रूथ (post-truth) को भी डिक्शनरी में शामिल किया गया है। 'वॉक' शब्द का मतलब है "नस्लीय या सामाजिक भेदभाव और अन्याय के प्रति सतर्क रहना।" 2016 ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में 'पोस्ट ट्रूथ' को वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया गया था। इसके बाद यह इतना इस्तेमाल किए जाने लगा कि इस साल इसे डिक्शनरी में शामिल कर लिया गया।