चंबल घाटी का बिहार कनेक्शन, व्यवसायी का अपहरण कर वसूले 40 लाख
राजस्थान पुलिस ने खुलासा किया है कि बिहार से घूमने गए व्यवसायी का चंबल के लाल सिंह गिरोह ने अपहरण कर लिया था और रिहा करने के लिए एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी।
पटना [वेब डेस्क]। राजस्थान की धौलपुर पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह का खुलासा किया है, जिसका अपराधिक कनेक्शन बिहार तक है। यह गिरोह लोगों का अपहरण कर चंबल के बीहड़ों में रखकर फिरौती वसूली करता था।
उसने हाल ही में बिहार के भी एक बड़े व्यवसायी का ग्वालियर से अपहरण कर चंबल में रखा तथा 40 लाख की फिरौती मिलने के बाद ही छोड़ा। राजस्थान पुलिस के अनुसार गिरोह के सरगना ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान इसकी जानकारी दी है।
ग्वालियर में किया अपहरण
राजस्थान पुलिस सूत्रों की मानें तो ग्वालियर में बिहार का एक बड़ा व्यवसायी घूमने गया था। वहीं लाल सिंह गिरोह ने उसका अपहरण कर लिया था। उसे रिहा करने के लिए एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। बाद में उसके परिजनों ने 40 लाख रुपए देकर उसे छुड़वाया।
पुलिस नहीं बता रही नाम
राजस्थान पुलिस व्यवसायी का नाम उजागर नहीं कर रही। पुलिस इस मामले की तह तक इसलिए नहीं जाना चाहती क्योंकि मामला दूसरे प्रदेश से जुड़ा है।
गिरोह का कई राज्यों में आतंक
धौलपुर के सदर थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश ने फोन पर बताया कि कई राच्यों में इनामी दस्यु लाल सिंह का आतंक रहा है। उसके दो साथियों के साथ उसे गिरफ्तार किया गया है। वह डकैती और अन्य गंभीर वारदातों के दर्जनों मामलों में वांटेड रहा है। पुलिस के अनुसार यूपी, एमपी और राजस्थान के साथ बिहार से भी उसका अपराधिक कनेक्शन रहा है।
व्यवसायी को बिहार से किया ट्रैक
सूत्रों की मानें तो लाल गिरोह कई प्रदेश में सक्रिय है। इसमें बिहार भी शामिल है। गिरोह ने व्यवसायी को बिहार से ही ट्रैक किया और ग्वालियर में अपहरण कर लिया। धौलपुर के थाना प्रभारी चंद्र पकाश भी कहते हैं कि लाल सिंह का अपराधिक नेटवर्क कई प्रदेश में रहा है।