दूल्हे में ये चीज देख भड़की दुल्हन, मंडप में बोली- नहीं करूंगी शादी
काला दूल्हा देखकर दुल्हन को गुस्सा आ गया। उसने मंडप में शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद निराश दुल्हा बिना दुल्हन बारात लेकर वापस अपने गांव लौट गया।
बेगूसराय [जेएनएन]। शादी तय हुई और दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर भी पहुंच गया। लेकिन, दूल्हे का काला रंग देख दुल्हन ने मंडप में शादी से इन्कार कर दिया। घटना बेगूसराय के रोसड़ा थाना क्षेत्र के सिहमा गांव में बीती रात हुई।
जानकारी के अनुसार बखरी प्रखंड के सलौना निवासी इंदल कुमार की शादी कुमकुम कुमारी के साथ तय हुई। दोनों परिवारों ने धूमधाम से इसकी तैयारी की। खुशी-खुशी बारात निकली और लड़की के दरवाजे पर पहुंची। वहां लड़की वालों एवं ग्रामीणों ने उसका भरपूर स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: मिस्ड कॉल से हुआ ईश्क, पकड़ी गई तो बोली- प्यार किया तो डरना क्या
इधर, दूल्हे का इंतजार कर रही दुल्हन भी सज-धज कर तैयार थी। जयमाला की रस्म भी हुई। लेकिन, जयमाल के बाद दुल्हन का मूड बदल गया। मंडप पर उसने दूल्हे को काला बताकर शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन मंडप से वापस लौट गई।
दूल्हा दो घंटे तक शादी मंडप में दुल्हन का इंतजार करता रहा, लेकिन वह लौटकर नहीं आई। इसके बाद दुल्हन के परिवार वालों ने दूल्हा समेत बारातियों के साथ मारपीट की तथा उन्हें बंधक बना लिया। मामला तनावपूर्ण होने के बाद दोनों पक्षों में पंचायत हुई। पंचायत के बाद शादी में खर्च के रुपये वसूल कर दुल्हन पक्ष ने बारात व दूल्हे को छोड़ दिया। इसके बाद निराश दूल्हा बारात लेकर गांव लौट गया।
घटना के बाद दूल्हे के भाई रूदल राय ने आरोप लगाया कि दूल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पंचायत में जब उसे बुलाया गया, तब वह नहीं आई। बहरहाल, काले दूल्हे से मंडप में शादी करने से इन्कार करने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय है।