बहन से हुआ झगड़ा तो पंखे से लटककर युवती ने दे दी जान
बहन से हुए झगड़े के बाद युवती ने खुद को घर में बंद किया और पंखे की कुंडी में फांसी का फंदा बनाकर उससे लटक गई और खुदकुशी कर लिया।
पटना [जेएनएन]। आरा जिले के टाउन थाना क्षेत्र के मंशा पांडेय बाग मुहल्ला में बुधवार की दोपहर दो बहनों का झगड़ा हुआ और इसके बाद एक बहन ने पंखे की कुंडी में दुपट्टा बांधा और फांसी के फंदे में झूलकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पुलिस पहुंची और पंखे से उसका शव बरामद किया।
पुलिस को गर्दन में बंधा रंगीन दुपट्टा मिला है। जिसके सहारे उसने खुदकुशी की। घटना दोपहर बाद करीब तीन बजे की है। शुरूआती जांच में युवती की खुदकुशी के पीछे बहन के साथ बकझक की बात सामने आ रही है।
मृतका 20 साल की विद्या कुमारी मंशा पांडेय बाग (एमपीबाग) मुहल्ला के फौजी मनोज कुमार सिंह की पुत्री थी। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। बताया जा रहा कि मूल रूप से कोईलवर थाना के कुल्हड़िया गांव निवासी मनोज कुमार सिंह आर्मी में इलाहाबाद (यूपी) में कार्यरत हैं। फौजी का परिवार मंशा पांडेय बाग मुहल्ला में रहता है।
घटना के समय तीन बहनें ही घर पर थी। मां इलाहाबाद में ही पति के साथ थी। छोटा भाई घर से बाहर गया था। जबकि, दादा गांव गए हुए थे। इसी दौरान दो बहनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद विद्या कुमारी ने कमरे का दरवाजा बंद किया और पंखे से लटक गयी। जिससे उसकी मौत हो गयी।
जिस कमरे में युवती ने खुदकुशी की, उसमें दो तरफ से दरवाजा है। बाहर तरफ का दरवाजा बंद था। जबकि, पिछले भाग के दरवाजे में अंदर से चिटकिनी नहीं लगी थी। बाद में बहनों को इस घटना के बारे में पता चला। बताते हैं कि पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्या कुमारी ट्यूशन व निजी विद्यालय में पढ़ाया करती थी।
दादा रामअवधेश सिंह कभी आरा आवास पर तो कभी गांव पर रहा करते थे। बुधवार को वे घर पर नहीं थे। इस बीच बहनें झगड़ गईं थीं।