2016 तक निर्मल गंगा की झलक : उमा भारती
निर्मल गंगा की झलक 2016 तक दिखने लगेगी। दस साल में गंगा को पूर्ण रूप से निर्मल व अविरल बनाना है। गंगा विषय पर बोलना कम और कार्य अधिक करना है।
पटना। निर्मल गंगा की झलक 2016 तक दिखने लगेगी। दस साल में गंगा को पूर्ण रूप से निर्मल व अविरल बनाना है। गंगा विषय पर बोलना कम और कार्य अधिक करना है। ये बातें केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने गुरुवार को दानापुर के नारियल घाट पर आयोजित जन कल्याण पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
दस वर्ष में स्वच्छ गंगा
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि गंगा को निर्मल बनाने को लेकर प्रधानमंत्री ने हमारी कार्य योजना की सराहना की है, 20 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। यह कार्य जटिल है, लेकिन शीघ्र धरातल पर काम दिखेगा। गंगा में 764 उद्योगों, 1019 गांवों, 118 नगर निकायों का गंदा पानी गिरता है। इंग्लैंड ने 40 साल में टेम्स नदी को स्वच्छ किया, जर्मनी ने राइन नदी को 27 साल में स्वच्छ किया। हम दस साल में गंगा को निर्मल व स्वच्छ बनाएंगे।
पांच राज्यों से मिल रहा सहयोग
उमा भारती ने कहा कि इस कार्य में बिहार समेत पांच राज्यों का पूरा सहयोग मिल रहा है। योजना का एक-एक पैसा गंगा स्वच्छता के लिए लगाया जाएगा।
बाढ़ से निबटने को सप्तकोसी योजना
नदियों को जोडऩे की योजना के तहत सप्तकोसी योजना बनाएंगे। जिससे बिहार को बाढ़ की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रधानमंत्री दूसरे देशों से मांगने जाते थे, पहली बार हमारे प्रधानमंत्री दूसरे देशों को देने गए हैं।
पवित्र होंगी गंगा मैया : रामकृपाल
केन्द्रीय पेयजल व स्वच्छता राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि उमा भारती की अगुआई में गंगा मैया निर्मल होकर रहेगी। कार्यक्रम को विधायक आशा सिन्हा, विधायक अनिल कुमार, विधायक उषा विद्यार्थी, पूर्व सांसद विजय सिंह यादव, पूर्व विधान पार्षद गंगा प्रसाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधान पार्षद संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया, जनार्दन कुमार, नगर मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र चौरसिया, अनामिका सिंह मनहरण प्रसाद आदि मौजूद थे।
हमारे समर्थन से नीतीश बने थे सीएम
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि बिहार में भाजपा के सरकार से हटने के बाद एक साल में कांग्रेस व विरोधियों ने दंगा कराने की कोशिश की, जबकि यहां हिन्दू व मुसलमान प्रेम से रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब हमारे समर्थन से नीतीश मुख्यमंत्री बन सकते हैं तो हम अपने दम पर सरकार भी बना सकते हैं। इस बार बिहार में भाजपा के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी। बिहार की राजनीति में भाजपा की गंगा बहेगी।