मूर्तिकार हिम्मत शाह के साथ कला की बारीकियां सीख रहे कलाकार
तरुमित्र आश्रम में इन दिनों बिहार कला मंच से जुड़े कलाकारों का जमघट लगा है
पटना। तरुमित्र आश्रम में इन दिनों बिहार कला मंच से जुड़े कलाकारों का जमघट लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त मृणमय शिल्प के कलाकार हिम्मत शाह के सम्मान में टेराकोटा और फोटोग्राफी वर्कशॉप का आयोजन बिहार कला मंच के बैनर तले किया जा रहा है।
वर्कशॉप के दौरान राजधानी के 24 कलाकारों ने हिम्मत शाह की 'हेड स्पेशल' को टेराकोटा के माध्यम से बनाने की कोशिश की। शाह के काम को ध्यान में रखते हुए कलाकार अपनी कृतियों को आकार दे रहे हैं। उनके साथ बैठकर उनकी कलाकृतियों के बारे में जानकारियां भी प्राप्त कर रहे हैं। यहां रविवार से कलाकारों के बीच फोटोग्राफी की भी क्लास शुरू की जाएगी। इसमें कलाकारों को रवि शेखर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
टेराकोटा और फोटोग्राफी से रूबरू होंगे कलाकार -
उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के उपनिदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि तरुमित्र आश्रम परिसर में अगले दो दिनों तक कलाकारों को हिम्मत शाह के साथ बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। इससे उनकी प्रतिभा में निखार आएगा। वही बिहार संग्रहालय के निदेशक युसूफ ने कहा कि बिहार के कलाकारों के लिए यह गौरव की बात है। कलाकारों को हिम्मत साह पर बनी शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। कार्यक्रम का आगाज बिहार कला मंच से जुड़े गायक सत्येंद्र संगीत ने गणेश वंदना से किया। सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कार्यशाला में किसी भी विधा से जुड़े कलाकार अपनी कलाकृतियों का निर्माण कर सकते हैं।
हिम्मत शाह म्यूजियम का हो रहा निर्माण
शुक्रवार को कार्यशाला में मुख्यमंत्री के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यह बिहार के कलाकारों के लिए गौरव की बात है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कलाकार हिम्मत शाह के निर्देशन में बिहार के कलाकारों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। सिंह ने कहा कि शाह को जानने और समझने के लिए इससे बेहतर मौका नहीं मिलेगा। तरुमित्र परिसर में चलने वाले चार दिवसीय वर्कशॉप में शाह के साथ कलाकृतियों का निर्माण कर कलाकारों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शाह की कलाकृतियों का अवलोकन मुख्यमंत्री ने बिहार म्यूजियम में किया है। मुख्यमंत्री ने सारी कलाकृतियों को बारे में जानकारी प्राप्त की। सिंह ने कहा कि अपने आवास पर हिम्मत शाह म्यूजियम का निर्माण कर रहे हैं, जो अगले वर्ष तक पूरा हो जाएगा। वहां कलाकारों के लिए वर्कशॉप आयोजित किया जाएगा।