दोपहर 2:39 से 4:10 और शाम 7:15 से 9:11 तक पूजा का शुभ मुहूर्त
राजधानी में बुधवार की रात लोगों ने छोटी दिवाली पर मंदिरों में पूजा।
जागरण संवाददाता, पटना - राजधानी में बुधवार की रात लोगों ने छोटी दिवाली पर मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ यम को दीप दान किया। पंडित विनोद झा वैदिक ने बताया कि काफी वर्षो बाद छोटी दिवाली के दिन हनुमान जयंती और काली पूजा की गई। पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर, बांस घाट काली मंदिर, बो¨रग रोड पंचमुखी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में लोगों ने देर रात तक हनुमान की पूजा-अर्चना करने के साथ सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ कर दीप दान किया।
स्थिर लग्न वृष में होगी मां लक्ष्मी की पूजा - गुरुवार की रात मां लक्ष्मी की पूजा स्थिर लग्न वृष में होगी। स्थिर लग्न में पूजा करने का विशेष महत्व है। वृष लग्न के स्वामी शुक्र को ही धन, एश्वर्य, वैभव और समृद्धि का ग्रह माना गया है। जातक कुंभ लग्न में दोपहर 2:39 बजे से शाम 4:10 बजे तक स्थिर लग्न में मां लक्ष्मी की पूजा कर सकते हैं। वहीं शाम में 7:15 बजे से रात के 9:11 बजे तक वृष लग्न में पूजा करना श्रेष्ठ है। व्यापारियों के लिए दिवाली की रात सिंह लग्न में पूजा करना विशेष शुभ है। सिंह लग्न दिवाली की रात 1:43 बजे से सुबह 3:57 बजे तक ब्रह्मा योग में मां लक्ष्मी की पूजा करने का विशेष महत्व है।
कृति योग और स्वाति नक्षत्र में गोवर्धन पूजा - दिवाली के अगले दिन अन्नकूट की पूजा होगी। 21 अक्टूबर को स्वाति नक्षत्र में गोवर्धन पूजा, भैया दूज एवं भगवान चित्रगुप्त की पूजा होगी। गोवर्धन की पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6:28 बजे से 8:43 बजे तक है एवं शाम में 3:27 बजे से 5:42 बजे तक है।