एकजुट हुए महागठबंधन के नेता, बैठक में लालू ने कहा- हम एक हैं
पटना में आज महागठबंधन दल के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ने लोक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें सभी राजनीतिक पहलुओं पर चर्चा हुई।
पटना [जेएनएन]। पटना में आज महागठबंधन दल के लोक संवाद कार्यक्रम में सभी दलों के साथ मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई, जिसमें यूपी चुनाव ऐतिहासिक मानव श्रृंखला, नशाबंदी और फिर सात निश्चय सहित मुख्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जिला व प्रखंड स्तर पर बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन कमेटी का गठन शीघ्र होगा।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन के तीनों दलों के जिलाध्यक्षों को कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। वहीं प्रखंड स्तर पर गठित होने वाली कमेटी में उस दल को अध्यक्ष का पद मिलेगा जिस दल के प्रत्याशी ने विधानसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा।
बैठक में मौजूद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार काफी बढिय़ा काम कर रही है। महागठबंधन की एकजुटता पर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए।
जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच निरंतरता के लिए यह बड़ी पहल है। इससे लगातार संवाद बना रहेगा। मुख्यमंत्री सहित लोक संवाद में शामिल सभी लोगों ने एक साथ दिन का भोजन किया। लोक संवाद तीन घंटे तक चला।
लोक संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा-समन्वय बनाकर रखें महागठबंधन के शेष दो दलों को प्रखंड स्तर पर उपाध्यक्ष की जवाबदेही मिलेगी। कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलेगा। नीचे स्तर पर समन्वय से ही काम आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री आवास परिसर में बने लोक संवाद कक्ष में कार्यकर्ता दरबार में मंत्रिमंडल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
बिहार में बिछ रही यूपी चुनाव की बिसात, कौन देगा शह - कौन देगा मात
महागठबंधन के जिलाध्यक्षों को मुख्यमंत्री ने कहा कि वे निचले स्तर पर पूरा समन्वय रखें। अगर किसी मामले में किसी तरह की कोई समस्या है तो लिखकर दीजिए। लोगों की शिकायतों को सुनिए और उन शिकायतों के निपटारे के लिए उन्हें लोक शिकायत निवारण केंद्र पर पहुंचाएं।
भाजपा के निशाने पर रहेंगे नीतीश कुमार और लालूहर महीने के चौथे सोमवार को होगी बैठक
हर महीने के चौथे सोमवार को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी जिसमें पूरा मंत्रिमंडल शामिल रहेगा। महागठबंधन के कार्यकर्ता पूरी एकजुटता से सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धि के बारे में नीचे स्तर पर लोगों को बताएं। कोई कमी है तो पूरी समन्वय के साथ जानकारी में लाएं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मानव श्रृंखला, नशाबंदी और फिर सात निश्चय पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पूरी ताकत के साथ सांप्रदायिक ताकतों के मंसूबे को नाकाम करें।
इस मौके पर उन्होंने नवनिर्मित लोक संवाद कक्ष का उद्घाटन भी किया। मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के अतिरिक्त राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, कांग्रेस के बिहार प्रभारी सीपी जोशी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह व राजद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामचंद्र पूर्वे भी इस मौके पर उपस्थित थे।