पटना में सेवानिवृत्त दारोगा के घर डकैती
फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ के नोहसा में एक सेवानिवृत्त दारोगा के घर शनिवार की देर रा
फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ के नोहसा में एक सेवानिवृत्त दारोगा के घर शनिवार की देर रात आधा दर्जन डकैत हथियार के साथ घुसे और चार लाख रुपये नगद, हीरे और सोने के जेवरात लूट ले गए। विरोध करने पर गृहस्वामी के बेटे और दामाद को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस खोजी कुत्ते के साथ पहुंची और छानबीन की। फिलहाल डकैतों का सुराग नहीं लगा है।
मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में घुसे डकैत
पुलिस के अनुसार रात लगभग पौने दो बजे सेवानिवृत्त दारोगा नसीर अंसारी और उनका परिवार सो रहा था, उसी समय डकैत घर के मुख्य दरवाजा का ताला तोड़कर घुस आए। आहट पर दामाद वजीर आलम जगे तो देखा कि कमरे में घुसने को कोई खिड़की का शीशा तोड़ रहा है। उन्होंने विरोध किया तो डकैतों ने हमला बोल दिया। बचाने आए पुत्र को भी रॉड से मार जख्मी कर दिया। उनके चिल्लाने की आवाज पर घर की महिलाएं जगीं, लेकिन डकैतों को देख कमरे में बंद हो गई। डकैत आराम से गोदरेज में रखे चार लाख नकद, एक हीरा और सोने के जेवरात लेकर निकल भागे। शोर की आवाज सुन मुहल्ले के लोग आए गए, लेकिन डर के कारण वे डकैतों का पीछा नहीं कर पाए। पुलिस को खबर दी गई और घायलों को रात में इलाज के लिए लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुबह मौके पर एएसपी फुलवारीशरीफ राकेश कुमार पहुंचे और छानबीन की। पुलिस सूत्रों की मानें तो वारदात में शामिल सभी डकैतों की पहचान हो गई है। पुलिस सिर्फ दो लाख की संपत्ति ले जाने की बात कह रही है।