LJP नेता बृजनाथी सिंह की हत्या के मामले में चार पर FIR दर्ज
शुक्रवार की शाम को लोजपा नेता बृजनाथी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने आज चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें सुनील राय, सुबोध राय और मुन्ना सिंह के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।
पटना। शुक्रवार की शाम को लोजपा नेता बृजनाथी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने आज चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें सुनील राय, सुबोध राय, रणविजय सिंह और मुन्ना सिंह को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। इन तीनों के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।
एडीजी पुलिस मुख्यालय, सुनील कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि बृजनाथी सिंह की हत्या में अपराधियों ने विदेशी हथियार का प्रयोग किया था। उनकी हत्या किन कारणों से की गई पुलिस इस बारे में अभी कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।
शुक्रवार की शाम को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी के खिलाफ राघोपुर से चुनाव लडऩे वाले राकेश रोशन के पिता बृजनाथी सिंह को अपराधियों ने पटना के कच्ची दरगाह इलाके में एके-47 से भून डाला था जहां अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही बृजनाथी सिंह की मौत हो गई थी। उन्हें 16 गोलियां मारी गईं थीं।
पुलिस ने बृजनाथी सिंह हत्या मामले में आज सुबह दो लोगों को हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ की थी। पुलिस हत्या के पीछे की वजह को तलाशने में जुटी है। हालांकि पटना के एसएसपी मनु महाराज ने प्राथमिक जांच के बाद घटना की वजह गैंगवार बताया है।
बृजनाथी सिंह का शव आज उनके पैतृक गांव राघोपुर दियारा लाया गया है, जहां आज उनके शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पूरा राघोपुर दियारा इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डीएसपी मुख्यालय भी मौके पर मौजूद हैं।
घटनाक्रम
शुक्रवार की शाम करीब एक दर्जन अपराधियों ने स्कॉर्पियो के अंदर अंधाधुंध फायरिंग की। स्कार्पियो में चालक, बृजनाथी सिंह, उनकी पत्नी वीरा सिंह, भाई की पत्नी पूजा सिंह और भतीजा राजेश रोशन सवार थे। चालक और राजेश को छोड़कर सभी को गोलियां लगीं। दोनों महिलाओं को गंभीर स्थिति में अस्पताल में दाखिल कराया गया।
घेरकर झोंक दी फायरिंग
बृजनाथी, उनकी पत्नी वीरा देवी, भाई बद्रीनाथ सिंह की पत्नी पूजा देवी और भतीजा राजेश रोशन स्कार्पियो से राघोपुर से पटना के अगमकुआं के लिए चले। ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बृजनाथी बैठे थे। दोपहर करीब ढाई बजे दीदारगंज के कच्ची दरगाह से आगे गाड़ी बढ़ी, तभी बदमाशों ने गाड़ी को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। बृजनाथी को 16 गोलियां लगीं। भाई की पत्नी को भी गोली मारी गई। पत्नी भी घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते भाग गए।
पीछे से उनके पुत्र अपनी गाड़ी और लोगों के साथ आ रहे थे। तत्काल सभी लोगों को पटना सिटी के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। डॉक्टर ने बृजनाथी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों महिलाएं गंभीर हालत में हैं।
राबड़ी-तेजस्वी के खिलाफ लड़ा था चुनाव
बृजनाथ सिंह को बृजनाथी के नाम से राघोपुर में पहचाना जाता था। उनकी पत्नी मीरा देवी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ 2011 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी थीं। उनके पुत्र राकेश रोशन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ पिछले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी थे। बृजनाथी के मंझले भाई अमरनाथ सिंह की पत्नी मुन्नी देवी राघोपुर में प्रखंड प्रमुख हैं।
जांच में जुटी पुलिस
कच्ची दरगाह के पास हुई वारदात में पुलिस ने मौका-ए-वारदात से AK-47 के 27 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस इस घटना को गैंगवार से भी जोड़कर तफ्तीश कर रही है। पुलिस के मुताबिक लोजपा नेता बृजनाथी सिंह पर वैशाली में करीब 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस हत्याकाण्ड को कच्ची दरगाह और बिदुपुर के बीच प्रस्तावित पुल के निर्माण से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बालू के ठेके में जारी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को संज्ञान में लेकर जांच में जुट गयी है।
SSP बोले, गैंगवार में हुई हत्या
पटना के एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि मुन्ना सिंह और शिवनाथ सिंह के गैंग की संलिप्तता का अनुमान है। पुलिस टीम जांच और छापेमारी में जुटी है। बृजनाथी के खिलाफ भी आपराधिक मामले थे। गैंगवार में उनकी हत्या हुई है। स्कॉर्पियो के ठीक पीछे उनके पुत्र राकेश रोशन अपने लोगों के साथ आ रहे थे।