नेता को ले राजग में कोई विवाद नहीं : शाहनवाज
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि बिहार में नेता को लेकर राजग में कोई मतभेद नहीं है। भाजपा का संसदीय बोर्ड और राजग की बैठक में उचित समय पर इसका फैसला हो जाएगा।
पटना। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि बिहार में नेता को लेकर राजग में कोई मतभेद नहीं है। भाजपा का संसदीय बोर्ड और राजग की बैठक में उचित समय पर इसका फैसला हो जाएगा।
राजग के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में उपेंद्र कुशवाहा को अपना मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने के फैसले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि रालोसपा एक स्वतंत्र पार्टी है।
उसके अधिवेशन में पार्टी के कार्यकर्ताओं का अपने नेता में अपना भविष्य तलाशना कोई गलत बात नहीं है। जब तक राजग में नेता पर फैसला नहीं हो जाता, तब तक सबको नाम लेने का अधिकार है।
हमारे दल के नेता भी कहीं जाते हैं तो उनके समर्थक ऐसे नारे लगाते हैं। हर पार्टी में ऐसा होता है। इसमें हमारी पार्टी को भला क्या आपत्ति हो सकती है।
शाहनवाज ने कहा कि राजग के घटक दलों का एक ही मकसद है लालू-नीतीश के गठबंधन को पराजित करना। लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान हों या रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा या पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हमारे बीच बहुत ही सौहार्दपूर्ण संबंध है। हम लालू-नीतीश के जंगलराज को समाप्त करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
जहां तक लोजपा के रामविलास पासवान का कुछ लोगों को लेकर रिजरवेशन का सवाल है तो बातचीत से उसका हल निकाला जा सकता है। वह कोई बड़ी समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद एक है। दल भले ही अलग हो, दिल एक है। हम मिलकर नीतीश- लालू के अहंकारी शासन का अंत करेंगे।