शब-ए-बरात में रातभर हुई इबादत व मांगी दुआ
पटना। एक माह तक रोजा रख इबादत करने का महीना 'रमजान' अब दस्तक देने ही वाला है। इसकी तैयारी का महीना ह
पटना। एक माह तक रोजा रख इबादत करने का महीना 'रमजान' अब दस्तक देने ही वाला है। इसकी तैयारी का महीना है 'शाबान'। इस माह की मंगलवार की रात यानी 'शब-ए-बरात' के मौके पर राजधानी के सभी कब्रिस्तानों में सैंकड़ों की संख्या में मुसलमान भाई पूरी रात जुटे रहे। रोशनी से जगमग कब्रिस्तान पहुंचे लोगों ने अपनों की मजार पर चादरपोशी की। अपनों व पूर्वजों के गुनाहों की माफी के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। इत्र की भीनी खुशबू से रूहानी माहौल चारो तरफ बना रहा। आज मुसलमान भाइयों ने एक दिन का नफिल रोजा रखा है। शाम में इफ्तार कर यह रोजा खोलेंगे।
शब-ए-बरात को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में पूरी रात चहल-पहल बनी रही। मस्जिद व कब्रिस्तान रोशनी से नहाते रहे। बच्चे, बूढ़े, जवान मजारों पर गए। औरतों ने घर में इबादत कर पूर्वजों के लिए दुआ मांगी। घरों में मीठे पकवान बने। गरीबों के बीच लोगों ने दानपुण्य किया।
राजधानी के कई इलाकों की मस्जिदों में तथा खुले मैदान में देर रात शब-ए-कद्र की सामूहिक रूप से विशेष नमाज अदा की गई। जगह-जगह जलसा हुआ। खानकाह मुजीबिया फुलवारीशरीफ, खानकाह इमादिया मंगल तालाब, खानकाह मुनअमिया मीतनघाट, हाइकोर्ट मजार, चैलीटाल स्थित शाह बाकर की तकिया, सब्जीबाग, सुलतानगंज, पत्थर की मस्जिद, आलमगंज, सदरगली, हारूण नगर, कुर्जी समेत अन्य मोहल्लों के कब्रिस्तानों में लोगों की भीड़ जुटी रही।