नरेंद्र मोदी के झूठ के कारण आ रहा भूकंप : लालू
गांधी मैदान में आयोजित निषाद रैली में शनिवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने महाविलय के मुद्दे पर नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि अगर उन दोनों के वोट मिल गए तो भाजपा का पत्ता साफ हो जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।
पटना। निषाद अधिकार संकल्प महारैला में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद आज अपने पूरे रंग में थे। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए अपने अंदाज में कई रोचक खुलासे भी किए। उन्होंने यहां तक कहा कि आए दिन देश में भूकंप के जो झटके आ रहे हैं, वह केंद्र सरकार के झूठ बोलने के कारण आ रहे हैं। लालू यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के झूठ के कारण ही देश में लगातार प्राकृतिक आपदाएं आ रही हैं।
उन्होंने इसके कई उदाहरण भी दिए। कहा, नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही हिमाचल में आइआइटी के कई छात्र-छात्राएं सूखी नदी में बह गए। उत्तर प्रदेश में गोरखनाथ धाम एक्सप्रेस हादसे की शिकार हो गई। लालू ने केंद्र सरकार पर झूठ बोलने के आरोपों के साथ एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा कि जब भगवान स्वर्ग में धरती की झूठ से परेशान हो गए तो उन्होंने नारद जी बुलाया और कहा कि कोई ऐसा उपाय करो कि धरती पर जब कोई झूठ बोले तो हमें तुरंत पता चल जाए। तब नारद जी ने भगवान के कक्ष में एक घंटा लगवा दिया।
यह घंटा थोड़े-थोड़े अंतराल पर बजने लगा। लेकिन पिछले साल लोकसभा चुनाव के बाद यह घंटा लगातार बजने लगा और उसके शोर से भगवान भी परेशान हो गए। उन्होंने तत्काल नारद जी को बुलवाया और कहा कि लगता है यह घंटा खराब हो गया है। मैं इसके शोर से परेशान हूं। तब नारद जी ने भगवान से कहा कि नहीं प्रभु, यह घंटा खराब नहीं हुआ है। दरअसल, धरती पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का भाषण चल रहा है।
लालू ने भाजपा नेताओं के गौ प्रेम पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम अपने सीने का ऑपरेशन कराकर उसमें गाय की झिल्ली वाला वल्व लगवाए हैं। अगर उन्हें भी गाय से प्रेम है तो अपनी छाती चिराकर सीने में गौ माता की झिल्ली वाला वल्व लगाकर दिखाएं।