दानापुर में गोली मारकर अधेड़ की हत्या
दानापुर। थाना क्षेत्र के मैनपुरा काली मंदिर के पास एक अधेड़ का शव पुलिस ने सोमवार की सुबह बरामद किया।
दानापुर। थाना क्षेत्र के मैनपुरा काली मंदिर के पास एक अधेड़ का शव पुलिस ने सोमवार की सुबह बरामद किया। शव की शिनाख्त मैनपुरा हवेली निवासी मो. रेयाज (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसकी हत्या गोली मारकर कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शव के पास से एक खोखा भी बरामद किया है। हत्या का कारण का पता नहीं चल सका है। घटना की जांच करने सिटी एसपी भी पहुंचे।
थाना क्षेत्र के मैनपुरा हवेली निवासी मो. रेयाज रविवार की शाम सात बजे घर से निकला था। रेयाज की बहन रजिया व नजमा ने बताया कि वह पहले सिलाई का काम करता था। आंख की रोशनी कम हो जाने से फिलहाल काम बंद कर दिया था। रविवार की रात करीब नौ बजे भी उसे लोगों ने देखा था। उसके बाद से ही गायब हो गया। रात में वह घर नहीं लौटा। सुबह में मैनपुरा काली मंदिर के पास उसका शव मिला। शव खून से लथपथ था। लोगों ने बताया कि उसका किसी से झगड़ा नहीं था। वहीं घटना की सूचना पर डीएसपी राजेश कुमार, थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली मारकर कही ओर हत्या कर शव यहां लाकर फेंक दिया गया है। शव के पास से पुलिस ने एक गोली का खोखा भी बरामद किया है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर खून का धब्बा मिला है। पुलिस जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाई है। सभी जगहों से खून का सैंपल जमा किया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।