संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
पटना। पीरबहोर थाना क्षेत्र की महावीर लेन स्थित चार मंजिला मकान में शनिवार को संदिग्ध हालात में विवाह
पटना। पीरबहोर थाना क्षेत्र की महावीर लेन स्थित चार मंजिला मकान में शनिवार को संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। पति और घर के अन्य सदस्यों के मुताबिक उसने फांसी लगा सुसाइड कर लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस को शव ग्राउंड फ्लोर पर रखा मिला। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर सुसाइड का रूप देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण पता चलेगा। हर बिन्दु पर छानबीन की जा रही है।
कच्ची दरगाह निवासी रेलवे से रिटायर्ड राजकुमार सिंह की बेटी आभा कुमारी (24) की शादी जनवरी 2014 में महावीर लेन निवासी नीरज कुमार से हुई थी। नीरज पत्थर की मस्जिद स्थित जाकिर हुसैन स्कूल में शिक्षक है। रोज की तरह नीरज सुबह साढ़े छह बजे स्कूल चला गया था। नीरज के मुताबिक सुबह का नाश्ता आभा ने ही दिया था। स्कूल में दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे फोन आया कि आभा ने फांसी लगा ली है।
सभी रहते हैं साथ
नीरज अपने पिता विकास राय, मां और दो भाई के साथ रहता है। दोनों भाई की शादी हो चुकी और नीरज अपनी पत्नी के साथ चौथी मंजिल पर रहता है। सूचना मिलने पर घर पहुंचे नीरज ने देखा कि आभा फंदे से लटक रही। पूछने पर मालूम हुआ कि दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज दी गई लेकिन जवाब नहीं मिला। जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। फंदे से शव को उतार ग्राउंड फ्लोर पर लाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को छानबीन के दौरान कोई सुसाइड लेटर नहीं मिला है।
मायके नहीं मौसेरे भाई को मिली सूचना
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने लड़की के घर पर सूचना देने के बजाए आभा के मौसेरे भाई संतोष को खबर की। वहीं किसी काम से आभा के पिता राजकुमार सिंह भी अपने गांव गए हुए थे। संतोष की सूचना पर राजकुमार भी पहुंच गए। राजकुमार के मुताबिक सब कुछ सही चल रहा था। आभा पटना से बीएड भी कर रही थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने वह दुपट्टा दिखाया जिससे सुसाइड की बात की जा रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी संदेह जाहिर किया, क्योंकि कमरे में फंदा लगाने की ऐसी कोई जगह नहीं दिखी। पिता ने आरोप लगाया कि अगर सुसाइड था तो पुलिस के आने पहले ही बेटी को फंदे से उतार दिया गया और गले पर कोई निशान भी नहीं है।