अभी सुबह-शाम सताएगी सर्दी
पटना। वातावरण में धीरे-धीरे नमी कम हो रही है। लेकिन दो दिनों के बाद एक बार फिर क्लाउडी मौसम होने के
पटना। वातावरण में धीरे-धीरे नमी कम हो रही है। लेकिन दो दिनों के बाद एक बार फिर क्लाउडी मौसम होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। फरवरी के पहले सप्ताह में भी ठंड ज्यादा कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। रविवार को राजधानी सहित सूबे के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। दिन में अच्छी धूप खिलने के कारण मौसम तो साफ रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम ठंड रही। धूप में ऊष्मा अभी ज्यादा नहीं है और ठंडी हवाएं अभी भी सिहरन पैदा कर रही है। रविवार को हवा लगभग 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही, जबकि हवा की सामान्य रफ्तार 4-5 किमी प्रति घंटे होती है। ठंडी हवाओं के कारण बाइक चलाते वक्त या बाहर घूमते हुए हाथ और चेहरे बर्फ की तरह ठंडे हो जाते हैं। राजधानी सहित सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में भी ज्यादा सुधार नहीं है।
मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके गिरी ने बताया कि दो दिनों बाद 4 फरवरी से एक बार फिर आकाश में बादल दिखेंगे जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और डे-कोल्ड कंडीशन बनेगा। दरअसल पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के सम्मिलित प्रभाव के कारण मौसम क्लाउडी हो जाता है। फरवरी के पहले सप्ताह के बाद जब पूर्वी हवाएं ज्यादा प्रभावी हो जाएगी तब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।