सिवान में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस पर पथराव
सिवान में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस पर पथराव
संसू, हसनपुरा (सिवान) : सिवान के हसनपुरा थाना क्षेत्र के टड़वा परसा पोखरे पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा रूट परिवर्तित करने से नाराज कोटवा गांव के ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। यह देख पुलिस ने ग्रामीणों पर काबू पाने के लिए हवाई फायङ्क्षरग करते हुए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। इस घटना में पुलिस ने करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। एमएचनगर थाना क्षेत्र के कोटवा, उसरी, बेचनगिरी की मठिया और धूमनगर में हर वर्ष सरस्वती मां के करीब आधा दर्जन प्रतिमा स्थापित किये जाते हैं। जिसका विसर्जन टड़वा परसा गांव स्थित पोखरे पर किया जाता है। यह परंपरा लगभग 70 वर्षों से चली आ रही है। लेकिन प्रशासन ने हंगामा व सुरक्षा को देखते हुए प्रतिमा विसर्जन ले जाने वाले रूट में फेरबदल की थी। प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन को इस्लामपुर गांव से न ले जाकर खेतों से होते हुए पोखरे पर जाने की बात कह रही थी। इधर विसर्जन में शामिल लोग प्रतिमा को इस्लामपुर गांव के रास्ते ले जाने पर अड़े थे। यह देख भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। यह देख पुलिस ने बचाव के लिए आंसू गैस के गोले दागे । इसके बाद लोग तितर-बितर हो गए। पुलिस घटना के बाद आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं सूचना पर डीएम संजय कुमार व एसपी विकास वर्मन पहुंच स्थिति को नियंत्रण करने का प्रयास कर रहे है। इस्लामपुर व टड़वा परसा गांव के आसपास पुलिस भारी संख्या में तैनात है।