रेलमंत्री की पत्नी के आने की खबर सुन अधिकारियों के हाथ-पांव फूले
पटना। पटना जंक्शन ही नहीं पूरे दानापुर मंडल में उस समय हड़कंप मच गया जब यह सूचना तेजी से फैली कि रेलम
पटना। पटना जंक्शन ही नहीं पूरे दानापुर मंडल में उस समय हड़कंप मच गया जब यह सूचना तेजी से फैली कि रेलमंत्री सुरेश प्रभु की पत्नी पटना जंक्शन से राजधानी एक्सप्रेस पकड़ दिल्ली जाने वाली हैं। सूचना जंक्शन के डिप्टी एसएस कक्ष से निकली और चंद मिनटों में यह दानापुर मंडल के वरीय अधिकारियों तक पहुंच गई। देखते-देखते सारे बड़े अधिकारी आगवानी को पहुंचने लगे। मामला बढ़ते देख सूचना देने वाला मौके से खिसक लिया। बाद में वरीय अधिकारियों ने डिप्टी एसएस की जमकर क्लास ले ली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम को पटना जंक्शन के उप स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य के कक्ष में एक व्यक्ति पहुंचा। उसने अपना परिचय रेलमंत्री सुरेश प्रभू के भांजे के रूप में दिया। उसने उप स्टेशन अधीक्षक पर रेलमंत्री का रौब गांठते हुए कहा कि मामी पटना आई थीं। उन्हें राजधानी एक्सप्रेस से नई दिल्ली जाना है। आप वीवीआइपी रूम में बैठने एवं सामान ढोने के लिए पोर्टर की व्यवस्था करा दें। उनके लिए नास्ते-पानी का भी इंतजाम करा दें। इतना कह वह युवक डिप्टी एसएस के सामने वाली कुर्सी पर विराजमान हो गया। इतना सुनते ही डिप्टी एसएस सक्रिय हो गए और दनादन सारे अधिकारियों को इसकी सूचना देने लगे। सूचना देने वाले युवक के लिए चाय-नास्ते की व्यवस्था की गई। बात बढ़ते-बढ़ते बड़े अफसरों तक पहुंच गई। आला अधिकारियों के आने की सूचना मिलते ही वह युवक स्टेशन उपाधीक्षक को अभी आते हैं कह निकल गया। अधिकारियों की झाड़ के बाद स्टेशन अधीक्षक बगलें झांकते नजर आए।