हाजीपुर में दुष्कर्म के आरोपी सैप जवान गिरफ्तार
हाजीपुर। रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में छह वर्ष पूर्व बलात्कार के बाद एक किशोरी की हत्या के मामले के आरोपी सैप जवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सैप जवान को पूछताछ के लिए सीआईडी की टीम पटना ले गयी है। गिरफ्तार सैप का जवान उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। रुस्तमपुर के थानाध्यक्ष नागमणि ने सैप जवान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के बहरामपुर पुलिस पिकेट में पदस्थापित सैप जवान लखेन्दु अहमद पर वर्ष 2008 में एक चाय बेचने वाली लड़की के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर कुआं में शव को फेंक देने का आरोप था। इस बाबत थाने में कांड संख्या 28/08 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में लड़की के पिता रामाकांत साह के बयान पर रुस्तमपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया था। परिजनों के अनुरोध पर सरकार ने इस मामले की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा था। बताया जाता है कि जांच में सीआईडी की टीम ने सैप जवान को दोषी पाया है। आरोपी सैप जवान के सीआईडी जांच में दोषी पाये जाने पर उसे शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार सैप जवान से सीआईडी की टीम पूछताछ कर रही है।