गांधी जयंती पर रेलवे अधिकारी स्टेशन पर लगाएंगे झाड़ू
पटना। गांधी जयंती के दिन स्टेशनों पर सफाई का जिम्मा सफाई कर्मचारियों पर नहीं बल्कि रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों के कंधों पर रहेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय से ऐसा आदेश आया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से गांधी जयंती पर जोन के ग्रेड ए वाले जंक्शन को स्वच्छ बनाने का आदेश दिया गया है। इस श्रमदान से चालक, गार्ड व स्टेशन मास्टरों को मुक्त रखा गया है। अन्य सभी कर्मचारियों को इस दिन सफाई कार्य में भाग लेना होगा। डीआरएम को श्रमदान करने वाले कर्मियों की सूची भेजने का निर्देश दिया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आदेश पर सोनपुर मंडल कोचिंग डिपो के सीनियर डीएमई एके चंदन ने तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि सफाई के लिए अधिकारियों व कर्मियों की टीम तैयार की जाएगी। इसमें पचास से सौ अधिकारी व कर्मी शामिल होंगे। टीम में शामिल कर्मी व अधिकारी दो अक्टूबर को स्टेशन परिसर में जमा होंगे। सभी को झाड़ू व अन्य सामान उपलब्ध कराया जाएगा। उस दिन रेल कर्मियों व अधिकारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी।