औरंगाद में पूर्व प्रमुख के भतीजा की हत्या
औरंगाबाद : दाउदनगर प्रखंड के मखरा गांव निवासी पूर्व प्रमुख छोटेलाल प्रसाद के भतीजा निक्कु कुमार (15 वर्ष) की हत्या सोमवार रात्रि कर दी गई। निक्कु की हत्या मध्य विद्यालय मखरा के छत से फेंककर की गई है। हत्या का कारण पैक्स चुनाव को लेकर चल रहा विवाद बताया जाता है। पूर्व प्रमुख ने गांव के ही मंटू शर्मा एवं मृत्युंजय शर्मा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। अपने बयान में कहा है कि मृत्युंजय शर्मा पैक्स अध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहता है। वह मेरे परिजनों पर दबाव बनाने के लिए निक्कु से दोस्ती किया और उसे शराब पिलाने के लिए मध्य विद्यालय के छत पर ले गया। रात्रि में शराब पिलाकर छत से फेंककर हत्या कर दिया। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पूर्व प्रमुख के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव बरामद कर अंत्य परीक्षण कराया गया है। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक निक्कु अपने माता पिता का इकलौता संतान था। वह उच्च विद्यालय एकौनी में वर्ग दस में पढ़ता था। शव का अंत्य परीक्षण करा पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है।