नेपाल में भूस्खलन से कोसी में बाढ़ की आशंका
पटना: नेपाल में हुए भूस्खलन से कोसी नदी में चार से पाच लाख क्यूसेक पानी छोडे़ जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले को अलर्ट किया गया है। कोसी तटबंध के अंदर रहने वाली आबादी को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है। फिलहाल कोसी नदी का जलस्त्राव एक लाख 21 हजार क्यूसेक है। अलर्ट के मद्देजन प्रमंडलीय आयुक्त रामरूप सिन्हा तटबंध का जायजा लेने नवहट्टा पहुंचे हुए हैं। वैसे कोसी तटबंध की क्षमता चार लाख क्यूसेक जलस्त्राव की है। लेकिन, तटबंध की स्थिति जर्जर हो चुकी है। कुसहा त्रासदी के दौरान बीरपुर बैराज पर जलस्त्राव करीब ढाई लाख क्यूसेक था। 1984 में तब तटबंध टूटा था, तब जलस्त्राव करीब तीन लाख क्यूसेक था। ऐसी स्थिति में चार से पाच लाख क्यूसेक पानी छोडे़ जाने पर जलप्रलय का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। चार लाख क्यूसेक जलस्त्राव होने पर फनगो हाल्ट के समीप रेल लाइन घ्वस्त हो सकती है। ऐसे में कोसी प्रमंडल का पटना पूरे सूबे एवं देश से रेल संपर्क भंग हो जाएगा।