ललन सिंह सहित परिषद में 12 सदस्य मनोनीत
पटना: बिहार विधान परिषद में राज्यपाल के मनोनयन वाली 12 सीटें शनिवार को भर दी गई। खास बात यह है कि पूर्व सांसद राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह भी परिषद में आ गए हैं। समझा जाता है कि उन्हें सरकार या संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जाएगी। विधायक पद से इस्तीफा देने वाले राजद के तीन और भाजपा के दो पूर्व विधायकों को विधान परिषद का सदस्य बनाया गया है। ये हैं-राम लषन राम रमण, सम्राट चौधरी, जावेद इकबाल अंसारी, राणा गंगेश्वर सिंह एवं विजय कुमार मिश्र, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के करीबी माने जाने वाले शिवप्रसन्न यादव को दूसरी बार मनोनीत किया गया है। पिछली बार विधानसभा का चुनाव हारे तत्कालीन मंत्री आरएन सिंह को भी परिषद में जगह मिल गई है। प्रो. रामवचन राय राजद के दिनों में विधान परिषद सदस्य थे। उन्हें एक बार फिर परिषद में भेजा गया है। राय दो साल पहले जदयू में आए थे। भाजपा से आए रणवीर नंदन को पहली बार विधान परिषद का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा जदयू के कोषाध्यक्ष रहे ललन सर्राफ और संजय कुमार सिंह ऊर्फ गांधीजी को भी परिषद में जगह दी गई है। गांधी 2006 में इसी कोटे से परिषद के सदस्य बने थे।