बिहार में 58 फीसदी वोटिंग
राज्य ब्यूरो, पटना : व्यापक सुरक्षा प्रबंध के बीच बिहार में चौथे चरण में कड़ी धूप के बावजदू लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। लोकसभा की सात सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हो गया। झुलसाती धूप के बीच 58 फीसद वोटिंग हुई। पुरुषों की तुलना में महिलाओं की भागीदारी अधिक रही। मतदान में व्यवधान पैदा करने वाले 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दरभंगा में भाजपा उम्मीदवार कीर्ति आजाद के साथ चल रहे बिना अनुमति वाले एक वाहन को जब्त किया गया। मधुबनी, झंझारपुर, मधेपुरा, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया लोकसभा सीट के लिए वोट डाले गए। मतदान कर वोटरों ने शरद यादव, कीर्ति आजाद, हुकुमदेव, फातमी, सिद्दीकी, गौस, पप्पू यादव सहित 94 उम्मीदवारों का भविष्य वोटिंग मशीन में बंद कर दिया। साहेबपुर कमाल विधानसभा उप चुनाव के लिए भी मतदान हुआ। 61 फीसद वोटिंग हुई। चौथे चरण के मतदान में मतदाताओं ने फिर उत्साह दिखाया, तीखी गर्मी के बावजूद बूथों पर उमड़े। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी अजय वी नायक के अनुसार 58 फीसद मतदान हुआ। जो इन इलाकों में 2009 के चुनाव की तुलना में 12 फीसद अधिक है। बढ़त दर तीन चरणों के चुनाव से अधिक रही। महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी रही। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि फाइनल रिपोर्ट आने तक मतदान 60 फीसद तक पहुंच सकता है। विकास के मुद्दे पर बेगूसराय, समस्तीपुर और झंझारपुर के आठ बूथों पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार पिछले चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की खराबी के कारण कई बूथों पर फिर से चुनाव कराना पड़ा। इस बार पर्याप्त मात्रा में अतिरिक्त वोटिंग मशीन की व्यवस्था की गई थी। इस कारण पुनर्मतदान की अनुशंसा अभी तक नहीं है। माक पोल के पूर्व 28 और माक पोल के दौरान 90 वोटिंग मशीनें बदल दी गई। मधेपुरा से जदयू अध्यक्ष शरद यादव, राजद से राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, भाजपा से विजय कुमार सिंह कुशवाहा, मधुबनी में राजद से अब्दुल बारी सिद्दीकी, जदयू से गुलाम गौस, भाजपा से हुकुमदेव नारायण यादव, झंझारपुर में जदयू से देवेंद्र यादव, राजद से मंगनी लाल मंडल, भाजपा से वीरेंद्र कुमार चौधरी, दरभंगा में राजद से मो. अली अशरफ फातमी, भाजपा से कीर्ति आजाद, जदयू से संजय झा, भाकपा से हृदय नारायण यादव, समस्तीपुर में कांग्रेस से डा. अशोक, जदयू से महेश्वर हजारी, लोजपा से रामचंद्र पासवान, बेगूसराय में राजद से तनवीर हसन, भाजपा से भोला सिंह, भाकपा से राजेंद्र प्रसाद सिंह तो खगड़िया में राजद से कृष्णा कुमारी यादव, लोजपा से चौधरी महबूब अली कैसर, जदयू से दिनेश चंद्र यादव और माकपा से जगदीश चंद्र बसु चुनाव मैदान में हैं।
कहां कितना मतदान
मधुबनी : 56
झंझारपुर : 56
मधेपुरा: 60
दरभंगा: 57
समस्तीपुर : 55
बेगूसराय: 64
खगड़िया : 55
यहां हुआ मतदान का बहिष्कार :
विकास के मुद्दे को लेकर बेगूसराय लोकसभा में बछड़ा विधानसभा के बूथ संख्या 28, समस्तीपुर लोकसभा में कुशेश्वर स्थान विस के बूथ संख्या 65, 66, वारिसनगर विस के बूथ संख्या 239, झंझारपुर लोकसभा में फुलपरास विस के बूथ संख्या 84, 85 और 87 पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।