राजगीर में व्यवसाई की गोली मार कर हत्या
राजगीर : राजगीर-छबिलापुर मुख्य मार्ग रविवार की देर रात एक व्यवसाई की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह पुलिस ने अनुसूचित जाति आवासीय बालिका उच्च विद्यालय के मुख्य द्वार के पास से व्यवसाई का शव बरामद किया है। व्यवसाई की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के पथरौरा निवासी रामेश्वर प्रसाद के पुत्र शैलेष कुमार के रूप में की गई। वर्तमान में वह राजगीर नगर पंचायत अंतर्गत पटेल नगर निवासी वीरमीण प्रसाद के मकान पर किराये पर रह रहा था। व्यवसाई की सिर में गोली मार कर हत्या की गई है। इधर घटना के विरोध में पटेल नगर के ग्रामीणों ने राजगीर-छबीलापुर मुख्य मार्ग को करीब ढ़ाई घंटे तक जाम कर दिया। बाद में जानकारी मिलते ही डीएसपी, थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क जाम कर रहे ग्रामीण हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। डीएसपी नंदकिशाोर रजक के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी ने कहा कि मामले की तहकीकात की जा रही है। इस घटना में संलिप्त लोगों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इस संदर्भ में मामा वीरमणी ने बताया कि रविवार की देर शाम तकरीबन दस बजे उसके मोबाइल से बात हुई थी। उसने बताया कि दस से पन्द्रह मिनट में घर पहुंच जायेंगे। इसके बाद जब 11 बजे तक न कोई मोबाइल से सूचना मिली और न ही वे स्वयं आया तो फिर से फोन करने पर उसका स्विच आफ पाया गया। सोमवार की सुबह अमूक स्थान पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। मृतक राजगीर में 2001 से रह कर व्यवसाई का काम करता था। इस बाबत मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।