बिहार में 25 बूथों पर पुनर्मतदान संपन्न
पटना/मुंगेर : बिहार में दो सीटों के 25 बूथों पर सोमवार को पुनर्मतदान संपन्न हो गया। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के 13 बूथों पर और मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में 12 बूथों पर वोट डाले गए। दोनों क्षेत्रों में करीब 52.75 प्रतिशत वोट पड़े। पालीगंज विधान सभा क्षेत्र के देवरिया में सर्वाधिक 70.05 प्रतिशत वोट डाले गये। मुंगेर लोस क्षेत्र केसूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के चार बूथों पर 44.18 फीसद मतदान हुआ। लखीसराय विधानसभा में 54.65 फीसद मतदान हुआ। मुंगेर में जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के चार मतदान केंद्रों पर भी प्रात: सात बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक 55 फीसद मतदान हुआ।
ईवीएम तोड़ने की घटना से चर्चा में आया पाटलिपुत्र लोस क्षेत्र के डिहरी बूथ पर सबसे कम 45 प्रतिशत मतदान की सूचना है।
पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी डा. एन सरवन कुमार के अनुसार पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में 13 बूथों पर शांतिपूर्ण पुनर्मतदान में लगभग 55.56 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिले में सबसे कम मुंगेर लोकसभा के बाढ़ विधान सभा क्षेत्र में एक मतदान केन्द्र संख्या 237 पर सबसे कम 23 फीसद मतदान की सूचना है। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार पालीगंज विधान सभा के देवरिया बूथ संख्या 214 पर सर्वाधिक 70.05 प्रतिशत, मसौढ़ी विधान सभा के बूथ नंबर 30 चाननपुर में 57 प्रतिशत व बूथ संख्या 167 खरजम्मा में 61 फीसद मतदान की सूचना है।