आराम कर चुनाव की थकान उतारी मीसा भारती ने
मृत्युंजय मानी, पटना : पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद की पुत्री डॉ. मीसा भारती शुक्रवार को खूब आराम किया। बीच-बीच में क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं से मिलती भी रहीं। शाम के समय में पूरी तरह से रिलैक्स मूड में रही। झूले पर बैठकर जीत के अंतर पर चर्चा करती है। उसके साथ युवाओं की एक टोली भी बैठी रही। हालांकि हाथ में चोट आने से थोड़ी परेशान रही।
मीसा बताती हैं कि 37 दिनों तक लगातार संसदीय क्षेत्र में दौरा किया। युवाओं, महिलाओं सहित सभी वर्ग के लोगों का मुझे समर्थन मिला। दलित, अतिपिछड़ा, पिछड़ा वर्ग के लोगों ने भी मेरे पक्ष में मतदान किया है। मेरी जीत तय है। बस 16 मई का अब इंतजार कर रही हूं। कई विधानसभा नक्सली क्षेत्र होने के बाद भी चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया। चुनाव आयोग धन्यवाद के पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह में जगने के साथ चुनावी दौरा पर जाने की तैयारी में जुट जाती थी। सुबह नौ बजे क्षेत्र में चली जाती थी। क्षेत्र के लोगों के उत्साह को कभी भूल नही सकती हूं। लेकिन आज दिनचर्या पूरी तरह से बदल गई है। इसके चलते रिलैक्स मूड में हूं। बताती हैं कि री-पोलिंग होने के बाद अपनी मां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के संसदीय क्षेत्र सारण में चुनाव प्रचार करने के लिए जाऊंगंी। इसके साथ राजद गठबंधन की महिला प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए चुनाव प्रचार करूंगी। बताती हैं कि पाटलिपुत्र में भ्रमण के चलते काफी अनुभव हुए हैं। लोगों के रहन-सहन, बदहाली, समस्याएं आदि को नजदीक से देखी हूं। उसमें सुधार लाना मुख्य लक्ष्य है।
मीसा बताती हैं कि पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा पर मुख्य जोर होगा। स्वस्थ्य रहने पर लोग बच्चों को पढ़ाएंगे। उच्च शिक्षण संस्थाएं भी खोलवाऊंगी। सभी गरीबों को स्वास्थ्य कार्ड दिलाने के लिए पार्लियामेंट में जोरदार तरीके से आवाज उठाऊंगी। बताती हैं कि पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र को पटना साहिब से भी बेहतर बनाऊंगी। गंगा दियारा के लोगों की पीड़ा ने मुझे झकझोर दिया है। कटाव को रोकने, बिजली पहुंचाने सभी प्रकार के मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करूंगी। बताती हैं कि हमारे संसदीय क्षेत्र में किसानों की संख्या अधिक है। किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक, सिंचाई के साधन उपलब्ध कराऊंगी। उनकी समस्याओं को मुख्य मुद्दा बनाऊंगी।