बाढ़ में मतदान केंद्र के बाहर गोलीबारी, बालक की मौत
बाढ़ : पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता दावों की पोल खोलते हुए गुरुवार को दो राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने के बीच बेढ़ना गांव में मतदान केंद्र के बाहर जमकर गोलीबारी हुई। फायरिंग की चपेट में आकर गांव का ही दस वर्षीय सूरज कुमार मौत के गाल में समा गया। वहीं राकेश रंजन (35) गोली लगने से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मारपीट में दो दलों के आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। हैरात की बात है कि गोलियां चलते ही मतदान केंद्र पर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही एएसपी राजेंद्र कुमार भील दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने पुलिस के सामने भी दर्जनों राउंड गोलियां चलाई और भाग निकले।
बेढ़ना हाई स्कूल में मुंगेर लोकसभा चुनाव का मतदान केंद्र था। मतदाताओं को पर्ची देने को लेकर दो राजनैतिक दल के पोलिंग एजेंट आपस में भिड़ गए। दोनों ने अपने-अपने गुट के हथियारबंद बदमाशों को बुला लिया। हाथापाई से शुरू हुई अदावत गोलीबारी तक पहुंच गई। इसी दरम्यान सूरज स्कूल से सटे आम के बगीचे से गुजर रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर वह भागने लगा। इसी बीच एक गोली उसके सीने में लग गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का गुस्सा शांत करने के लिए पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस के आला अफसर इस बाबत कुछ भी कहने से बच रहे हैं। बताया जाता है कि घटना के बाद जदयू किसान प्रकोष्ठ के महेश प्रसाद सिंह को भी जान से मारने की धमकी मिली है।