Move to Jagran APP

आज शाम पीटें थाली, ताकि दिल्ली सुन सके : नीतीश

By Edited By: Published: Fri, 28 Feb 2014 10:05 PM (IST)Updated: Fri, 28 Feb 2014 10:15 PM (IST)

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के आम नागरिकों से अपील की कि वे शनिवार की शाम अपने घरों के सामने खड़े होकर थाली पीटें। ताकि दिल्ली तक यह आवाज पहुंचे कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए सब एकजुट हैं। बिहार अपना हक लेकर रहेगा। थाली पीटने का यह कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू होगा। सात बजकर पांच मिनट में बंद हो जाएगा। इसका आयोजन दो मार्च के बिहार बंद की पूर्व संध्या पर किया गया है। बंद को भाकपा-माकपा के अलावा समाजवादी का समर्थन मिला हुआ है। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे दलगत भावना का त्याग कर बिहार के हक के लिए खड़े हो जाएं। कुमार ने कहा कि अब वे सत्याग्रह के सहारे विशेष राज्य के दर्जे के लिए अभियान चलाएंगे। किसी पर दबाव नहीं देंगे। लोग अपने विवेक से इस अभियान में शामिल हो जाएं। बिहार को हक मिलकर रहेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विशेष राज्य के लिए संघर्ष किया। केंद्र ने बहाना बनाया। मानकों का हवाला दिया गया। लेकिन, सीमांध्र को विशेष दर्जा देने की घोषणा तुरंत कर दी गई। कुमार ने बिहार बंद के बारे में कहा कि लोग इसके लिए भी स्वेच्छा से आगे आएं। आप कहीं रहकर इस अभियान में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री खुद दो मार्च के बंद में हिस्सा लेंगे। वे उस दिन एक अणे मार्ग से निकलकर गांधी मैदान तक आएंगे। यहां स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास बैठकर विशेष राज्य के समर्थन में चल रहे आन्दोलन को मजबूती प्रदान करेंगे। इससे पहले शनिवार की सुबह राज्य स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया है। अगले चरण में मुख्यमंत्री पांच मार्च से संकल्प यात्रा की शुरूआत करेंगे। यह महात्मा गांधी की कर्मभूमि चंपारण से शुरू होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.