जल संकट पर एक्शन में नप अध्यक्ष
नगर के दो वार्डों में भीषण जल संकट उत्पन्न हो गया है।
नवादा। नगर के दो वार्डों में भीषण जल संकट उत्पन्न हो गया है। अधिकांश चापाकल के फेल हो जाने से लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। समस्या के संज्ञान में आते ही नव निर्वाचित अध्यक्ष कुंती देवी भी एक्शन में आ गई और प्रभावित वार्डों में टैंकलॉरी से जलापूर्ति का आदेश दे दिया। भाजपा नेता और पार्षद अशोक चौधरी उर्फ बिल्टु चौधरी ने बताया कि वार्ड नंबर 9 के गांधी टोला तथा वार्ड नंबर 10 के विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक चापाकल के साथ कई घरों के निजी चापाकल भी फेल हो गए हैं। महादलित टोला सहित अन्य कई स्थानों पर जल संकट उत्पन्न हो गया है। समस्या की सूचना मिलते ही नप अध्यक्षा कुंती देवी ने दोनों वार्डों में सुबह, दोपहर और शाम को टैंकलॉरी भेजकर जलापूर्ति के आदेश दिए हैं। शुक्रवार से ही नगर पंचायत द्वारा टैंकलॉरी से पानी भेजा जाने लगा है। नप अध्यक्ष ने बताया कि जब तक स्थाई समाधान नहीं हो जाता तब तक पानी भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था जारी रहेगी।