आगमन के पूर्व प्रस्थान कर जाती है ट्रेन
आगमन के पूर्व प्रस्थान कर जाती है ट्रेन। यह सुनकर आपलोगों को अटपटा जरुर लग रहा होगा।
नवादा। आगमन के पूर्व प्रस्थान कर जाती है ट्रेन। यह सुनकर आपलोगों को अटपटा जरुर लग रहा होगा। लेकिन नवादा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को यही जानकारी दी जा रही है। ऐसे में रेल महकमे की लापरवाही का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। दरअसल, स्टेशन परिसर में पूछताछ काउंटर के बगल में किउल-गया रेलखंड पर ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय-सारणी का एक बोर्ड लगा है। जिसमें रेल यात्रियों को गलत जानकारी दी जा रही है। जिसके चलते यात्री पेशोपेश में रहते हैं। हालांकि यह मानवीय भूल भी हो सकती है। लेकिन यह बोर्ड पिछले कई महीनों से टंगा है। लेकिन महकमे के किसी भी अधिकारी का ध्यान इस ओर नहीं गया है। जो अपने आप में सवाल खड़ा करता है।
बता दें कि बोर्ड में 53629 अप किउल-गया पैसेंजर ट्रेन के नवादा आगमन का समय 15:56 यानि कि 3:56 बजे अंकित है। वहीं प्रस्थान का समय 15:03 बजे यानि 3:03 बजे दिखाया गया है। ऐसे में गलत जानकारी देकर रेल यात्रियों को भरमाया जा रहा है। हालांकि यात्री भी इसे मानवीय भूल मान रहे हैं। लेकिन अधिकारियों द्वारा बोर्ड में दर्ज गलत जानकारी का सुधार नहीं किया जाना, लापरवाही का द्योतक है। गौरतलब है कि नवादा स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक सहित कई अधिकारियों का कार्यालय है। अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यालय भी पहुंचते हैं, लेकिन महीनों से लगी बोर्ड पर ध्यान नहीं जा रहा है।
कहते हैं अधिकारी
- प्रि¨टग के कारण यह गलती हुई है। जल्द ही सुधार कर लिया जाएगा।
एके सुमन, यातायात निरीक्षक, नवादा।