भभुआ रोड-आरा रेलखंड की नई लाइन पर खर्च होंगे 50 करोड़
राज्य के सुदूर दक्षिणवर्ती कोने में बसे कैमूर से राजधानी पटना के बीच रेल मार्ग।
कैमूर। राज्य के सुदूर दक्षिणवर्ती कोने में बसे कैमूर से राजधानी पटना के बीच रेल मार्ग की सुविधा बढ़ेगी। भभुआ रोड-आरा रेलखंड में निर्माणाधीन नई लाइन परियोजना पर पचास करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पूर्व मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष में भी पांच करोड़ रुपए व्यय करने का निर्णय लिया है। हालांकि पूर्ववर्ती वर्षों में भी नई रेल लाइन पर करोड़ों खर्च किए जा चुके हैं। बहरहाल नए व चालू सत्र के लिए रेलवे द्वारा बड़ी राशि की स्वीकृति ही इस रेलखंड में पूर्व मध्य रेलवे प्रबंधन के प्राथमिकता को दर्शाता है।
बढ़ेगी सहुलियत-
हालांकि विगत दशक में ही राजधानी पटना को आरा- विक्रमगंज के रास्ते सासाराम को रेल लाइन से जोड़ने की कवायद शुरू की गई थी। वर्ष 2011-12 मे आरा-सासाराम के बीच रेल सेवा चालू कर दी गई। इसके बाद शीघ्र ही भभुआ रोड से सासाराम होते हुए आरा तक रेल सेवा शुरू कर दी गई। परियोजना पूर्ण होने पर कम समय में राजधानी पटना पहुंचना आसान होगा।
खर्च हुए हैं करोड़ों-
पूर्व मध्य रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक हाल के वर्षों में इस परियोजना पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा चुके हैं। अब प्राथमिकता के आधार पर नई रेल लाइन को शीघ्रता से पूर्ण किया जाएगा।
बताया जाता है इस परियोजना पर मार्च 2016 तक 3661 हजार रुपए खर्च किए गए। सत्र 2016-17 में 14249 हजार खर्च करने की स्वीकृति मिली थी। अब चालू वर्ष 2017-18 में पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 50000 हजार रुपए नई रेल लाइन निर्माण में व्यय का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना पर 490800 हजार रुपए खर्च करने की स्वीकृति मिली है। इस रेलखंड में कई रेल पुल व सुरक्षा के लिहाज से समपार फाटक के लिए भी पूमरे से राशि स्वीकृत हुई है।
कहते सांसद प्रतिनिधि-
स्थानीय सांसद छेदी पासवान के प्रतिनिधि देवलाल पासवान कहते हैं कि इस रेल खंड पर केंद्र सरकार का रूख सकारात्मक है। लाइन निर्माण पूर्ण होते ही सवारी गाड़ियों की संख्या व फेरे बढ़ाए जाने की कवायद होगी।