घने कोहरे ने रफ्तार पर लगाई ब्रेक
संवाद सूत्र, नवादा : जिले में शीत लहर का प्रकोप शुरू हो गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। क
संवाद सूत्र, नवादा : जिले में शीत लहर का प्रकोप शुरू हो गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई दिनों बाद कुहरा ने फिर पांव पसारा। सोमवार की सुबह से ही लगे घने कोहरे के कारण लोगों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ी। वहीं वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गई है। चालकों को वाहनों के लाइट जलाकर आगे बढ़ना पड़ रहा है। शीतलहर के बढ़ते प्रकोप के बावजूद अलाव की व्यवस्था नहीं किये जाने से लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है। पूस की कड़ाके की ठंड के कारण लोग परेशान हैं। स्कूली बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है तो गृहणियों को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार तापमान में गिरावट आंकी जा रही है। आम लोगों के साथ पशु-पक्षियों भी प्रभावित हो रहे हैं। सुबह में कड़ाके की ठंड के कारण लोग काफी देर तक रजाई में दुबके रहने को विवश रहे। जिले का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक लुढ़क गया है।
नारदीगंज में कोहरे व ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। ठंड के बढ़ते प्रकोप से लोगों का घरों से निकलना भी काफी मुश्किल हो रहा है। सोमवार को हल्की सर्द हवा ने शरीर मे कंपन को बढ़ा दिया है। जिससे महादलित टोला व सूदूर इलाके के लोगों ठंड की थपेड़ को झेलने पड़ रहें है। स्थानीय लोगो ने जिला प्रशासन से महादलित टोला व सूदूर इलाके में अलाव की व्यवस्था की माग की है।