रजौली के भाजपा विधायक की बढ़ेगी सुरक्षा
संवाद सहयोगी,नवादा: माओवादियों के निशाने पर आये रजौली के भाजपा विधायक कन्हैया रजवार की सुरक्षा बढ़ाय
संवाद सहयोगी,नवादा: माओवादियों के निशाने पर आये रजौली के भाजपा विधायक कन्हैया रजवार की सुरक्षा बढ़ायी जायेगी। माओवादियों द्वारा विधायक को जनअदालत में तलब किये जाने की खबर के बाद पुलिस अधीक्षक डा.परवेज अख्तर ने इसे गंभीरता से लेते हुए उन्हें मिल रही सुरक्षा की समीक्षा आरंभ कर दी है। अबतक दो एसएलआर पुलिस जवानों के सहारे चल रहे विधायक की सुरक्षा बढ़ाये जाने की अनुशंसा गृह विभाग से की जा सकती है। इसकी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जागरण में छपी खबर को काफी गंभीरता से लेते हुए बताया कि जन प्रतिनिधि तो जन प्रतिनिधि हैं, आम लोगों को सुरक्षा देना पुलिस का पहला कर्तव्य है। जब माओवादियों ने उन्हें जन अदालत में तलब किया है तो उन्हें भी स्वयं सतर्क रहना होगा तथा किसी प्रकार का संदेह होने पर वे अविलम्ब पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिये गृह विभाग के पास जल्द ही अनुशंसा भेजी जायेगी तथा आदेश प्राप्त होते ही उसपर तत्काल अमल किया जायेगा।
इस बीच झारखंड से अपना चुनावी दौरा समाप्त कर नवादा लौटे विधायक कन्हैया रजवार ने कहा कि अबतक वे बगैर किसी खौफ के क्षेत्र का भ्रमण किया करते थे। किसी प्रकार का भय नहीं था। वैसे, उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भेंटकर अपनी बातें रखी। उन्होंने जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की।
बता दें भानेखाप अवैध अभ्रक खदान में अवैध खनन के एवज में वसूली जा रही रंगदारी में कथित तौर पर विधायक की हिस्सेदारी को ले माओवादियों ने कई को जन अदालत में उपस्थित होने का फरमान जारी किया है। इसमें विधायक का भी नाम शामिल है। जागरण में बुधवार को इस आशय की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होते ही प्रशासन गंभीर हुई और उनकी सुरक्षा बढ़ाने पर विचार-विमर्श आरंभ कर दी है।